Nari Shakti: मां के सपनों को आगे बढ़ाया साइना ने, जानिए उनके बारें में..

साइना नेहवाल ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। इस भारतीय शटलर ने लंदन 2012 खेलों में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। वह दुनिया की नंबर एक रैंकिंग पर काबिज होने वाली एकमात्र भारतीय महिला हैं। साइना ने अब तक 24 अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप जीती हैं। 24 में से दस सुपरसीरीज खिताब हैं।

साइना का जन्म 17 मार्च 1990 को हिसार, हरियाणा के एक जाट परिवार में हुआ था। साइना ने शुरुआती प्रशिक्षण हैदराबाद के लाल बहादुर स्टेडियम में कोच नानी प्रसाद से प्राप्त किया। माता-पिता दोनों के बैडमिंटन खिलाड़ी होने के कारण साइना का बैडमिंटन की ओर रुझान शुरू से था।

वह अपनी मां के सपने को आगे बढ़ाना चाहती थीं, जो खुद एक राज्य स्तरीय बैडमिंटन खिलाड़ी थीं। साइना ने 2008 में बीजिंग ओलंपिक में उच्चतम स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करके देश को गौरवान्वित किया। साइना भारत सरकार द्वारा पद्म श्री और सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2015 में नई दिल्ली को योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में विश्व चैम्पियन जापान की युई हाशिमोतो को हराने के साथ ही दुनिया की शीर्ष वरीय खिलाड़ी बनी।

फाइनल मैच में थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन को हराकर 29 मार्च 2015 को योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट की महिला एकल खिताब की विजेता बनीं। अप्रेल 2015 में आधिकारिक रूप से उनकी विश्व रैंकिंग वन घोषित की गई। इस मुकाम तक पहुंचने वाली वे प्रथम भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। वह बीडबल्यूएफ विश्व कनिष्ठ प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय हैं। एक महीने में तीसरी बार प्रथम वरीयता पाने वाली अकेली महिला खिलाड़ी हैं।

चोटों से उबरते हुए नेहवाल ने मलेशिया मास्टर्स जीता और विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता। उन्होंने सीनियर नेशनल बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पीवी सिंधु को हराकर खिताब जीता। बैडमिंटन में उनकी कई और उपलब्धियां भी उल्लेखनीय हैं।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button