नेशनल हेराल्ड केस.. सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज

नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत नौ लोगों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की है। इसमें एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजीएल) की 2000 करोड़ की संपत्ति को महज 50 लाख में हड़पने की आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे प्रतिशोध की राजनीति करार दिया है। एफआईआर ईडी की 3 अक्टूबर को शिकायत पर दर्ज हुई है, पीएमएलए की धारा 66(2) के तहत ईडी किसी एजेंसी से अनुसूचित अपराध दर्ज करने को कह सकती है। सोनिया, राहुल के अलावा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख सैम पित्रोदा, एजीएल, यंग इंडियन, डॉटेक्स मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड का नाम शामिल है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मोदी-शाह की जोड़ी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ लगातार डराने-धमकाने और राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। मामला पूरी तरह से झूठा और निराधार है।
यह लगाए आरोप
जानकारी के मुताबिक एफआईआर में आरोप है कि कांग्रेस से जुड़ी कंपनी एजीएल को धोखाधड़ी से अपने कब्जे में लेने के लिए आपराधिक साजिश की गई है। डॉटेक्स को कोलकाता की कथित शेल कंपनी बताया गया है, जिसने यंग इंडियन को 1 करोड़ रुपए दिए थे। इस लेन-देन की मदद से यंग इंडियन ने कांग्रेस को 50 लाख रुपए देकर करीब 2000 करोड़ रुपए की संपत्ति वाली एजीएल पर नियंत्रण पा लिया।











