Operation Sindoor: पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक, भारतीय सेना ने एक्स पर न्याय हुआ… जयहिंद

नई दिल्ली. भारत ने मंगलवार देर रात पहलगाम आतंकी हमले के गुनहगारों को सजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी। भारतीय सेना ने पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। भारतीय सेना ने रात करीब दो बजे %ऑपरेशन सिंदूर% शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। पहलगाम के बैसरन में बीते 22 अप्रेल को आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने की कसम खाई थी, उन्होंने कहा था कि उनका %दुनिया के अंत तक% पीछा किया जाएगा।
भारतीय सेना ने एक्स पर न्याय हुआ… जयहिंद शीर्षक से डाले गए एक पोस्ट में कहा, %थोड़ी देर पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ढांचे को नष्ट करने के लिए %ऑपरेशन सिंदूर% शुरू किया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया।% इससे पहले, सेना ने एक पोस्ट में लिखा था: ‘प्रहाराय स्नहिता:, जय प्रशिक्षिता:’ यानी…हमला करने के लिए तैयार, जीतने के लिए प्रशिक्षित। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि उन ठिकानों को निशाना बनाया गया है, जहां से आतंकी हमलों की योजना बनाई गई और इसके लिए निर्देश दिए गए।

भारतीय सैन्य बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर दोनों जगहों पर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। बयान में कहा गया है कि भारतीय मिसाइलों ने कोटली, बहावलपुर, मुरीदके और मुजफ्फराबाद के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। यहां आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्करे-ए-तैयबा के ठिकाने हैं।
पाकिस्तानी सेना बौखलाई
भारत के इस हमले से पाकिस्तानी सेना बौखला गई है। डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आइएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में मिसाइल हमले किए गए हैं।
पाकिस्तान में चीख पुकार, उड़ानें रोकी
भारत की कार्रवाई के बाद देर रात पीओके की राजधानी मुजफ्फराबाद, बहावलपुर में अफरातफरी, चीख पुकार और दहशत का माहौल था। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस ने सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोक दी हैं। सियालकोट और लाहौर एयरपोर्ट को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया है। अधिकारियों ने कहा है कि सभी उड़ानों को कराची की ओर मोड़ा जा रहा है। यात्रियों को हवाई अड्डे पर न आने तथा घर लौटने की सलाह दी है। हमले के बाद मुजफ्फराबाद में लाइट चली गई और अंधेरा छा गया।
भारत-पाकिस्तान सीमा पर अलर्ट
रक्षा अधिकारियों ने बताया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारत-पाकिस्तान सीमा पर सभी वायु रक्षा इकाइयों को सक्त्रिस्य कर दिया गया है
एलओसी पर गोलीबारी
एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर पुंछ-राजौरी सेक्टर के भींबर गली इलाके में तोपखाने से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इसका करारा और संतुलित जवाब दिया है। सेना के सूत्रों का कहना है कि नियंत्रण रेखा की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
आज दी जाएगी ऑपरेशन सिंदूर की पूरी जानकारी
रक्षा मंत्रालय ने कहा, भारत ने गजब की संयम और परिपक्वता के साथ लक्ष्य चुना और ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह कदम यह साबित करता है कि भारत अब आतंक के खिलाफ किसी भी हद तक जाने को तैयार है और जो भी दोषी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। बुधवार को दिन में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।











