1000 दिन तक पीरियड्स… जिंदगीभर की बचत कर दी खर्च

न्यूयॉर्क. किसी भी स्वस्थ महिला का हर माह 4-5 दिन पीरियड्स से गुजरना आम है, लेकिन अमरीका में एक महिला को करीब 1,000 दिन तक पीरियड्स से गुजरना पड़ा। उसकी समस्या जानकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। अमरीका की पोपी नाम की यह महिला टिकटॉक यूजर है। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी तकलीफ साझा की। उसका कहना है, ‘मैंने 950 दिन तक पीरियड्स की तकलीफ झेली।

जिंदगीभर की बचत पीरियड पैड, पतलून, अंडरवियर और चादरें खरीदने पर खर्च कर दी। मैं हर दिन रोई हूं।’ पोपी ने बताया कि पहले लगातार दो हफ्ते तक पीरियड हुए। फिर यह सिलसिला करीब तीन साल तक जारी रहा। कई डॉक्टर्स से इलाज कराया। कई टेस्ट व दवाओं के बाद भी ब्लीडिंग जारी रही। जांच में उसके अंडाशय पर गांठें पाई गईं। ऐसा क्यों हुआ, पता नहीं चल पाया। पोपी ने कहा, मेरे आयरन का लेवल कम पाया गया। मांसपेशियों में ऐंठन व हड्डियों में दर्द रहता था। लगातार सिरदर्द भी महसूस होता था।

एमआरआइ और अल्ट्रासाउंड में पोपी की रहस्यमय बीमारी के बारे में पता चला। मेडिकल भाषा में इसे ‘बाइकॉर्नुएट’ कहा जाता है। इसमें असामान्य कोशिकाएं विकसित होने से गर्भाशय दो भागों में बंट जाता है। इससे असामान्य ब्लीडिंग, दर्द समेत सेहत से जुड़ी अन्य समस्याएं होती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक गर्भाशय दो भागों में बंट जाने की समस्या दुनिया में पांच फीसदी से भी कम महिलाओं में होती है।

इन लक्षणों पर करें डॉक्टरों से संपर्क

अमेरिकन कॉलेज ऑफ ऑब्सटेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट के मुताबिक प्रसव के उम्र की 14 से 25% महिलाओं को अनियमित मासिक धर्म का अनुभव होता है। आमतौर पर यह बड़ी चिंता की बात नहीं है, लेकिन अगर अनियमित मासिक धर्म लगातार बना रहे या इसके साथ मांसपेशियों में दर्द या ज्यादा ब्लीडिंग जैसे लक्षण भी हों तो डॉक्टर से सलाह लेने में देर नहीं करनी चाहिए।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button