रेलवे ट्रैक मेंटेनेंस हुआ और आधुनिक

Railway track maintenance has become more modern.

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में आधुनिक ट्रैक मशीनों से रेल पथ अनुरक्षण को मिल रही नई गति…

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 92 आधुनिक ट्रैक मशीनें रेल संरक्षा एवं उच्च गति रेल परिचालन को दे रही हैं मजबूती

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक 4,732 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैंपिंग, 1,918 टर्नआउट टैंपिंग तथा 216 किलोमीटर डीप स्क्रीनिंग का कार्य सम्पन्न

 

बिलासपुर/रायपुर – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे लगभग 5,500 ट्रैक किलोमीटर के विशाल रेल नेटवर्क पर प्रतिदिन लगभग 400 से अधिक यात्री एवं मालगाड़ियों का संरक्षित परिचालन सुनिश्चित कर रहा है। इतनी व्यापक रेल संरचना के संरक्षित एवं निर्बाध संचालन के लिए रेल पथ का नियमित एवं उच्च गुणवत्ता वाला अनुरक्षण अत्यंत आवश्यक है। इसी दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा आधुनिक तकनीक एवं अत्याधुनिक ट्रैक मशीनों के माध्यम से रेल पथ अनुरक्षण को नई गति प्रदान की जा रही है।

रेलवे ट्रैक केवल दो रेल पटरियों का समूह नहीं है, बल्कि यह रेल, स्लीपर, बैलास्ट (गिट्टी), फास्टनिंग एवं निर्धारित ज्यामितीय मानकों से मिलकर बनी एक अत्यंत महत्वपूर्ण संरचना है। ट्रैक की लाइनिंग, लेवलिंग, अलाइनमेंट तथा बैलास्ट की गुणवत्ता सीधे तौर पर रेल परिचालन की संरक्षा, गति और यात्रियों के आरामदायक सफर को प्रभावित करती है। इसलिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे आधुनिक तकनीक आधारित ट्रैक मशीनों के माध्यम से रेल पथ अनुरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

आधुनिक ट्रैक मशीनों के उपयोग से ट्रैक अनुरक्षण कार्य अधिक तेज, सटीक, संरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। इन मशीनों के माध्यम से भारी-भरकम कार्य कम समय में किए जा रहे हैं। साथ ही, उपलब्ध ट्रैफिक ब्लॉक का बेहतर उपयोग करते हुए ट्रेनों के परिचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ता है तथा रेलकर्मियों की संरक्षा भी सुनिश्चित होती है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में तीसरी, चौथी एवं नई रेल लाइनों के निर्माण के साथ-साथ विद्यमान रेल पथ के अनुरक्षण में ट्रैक मशीनों की भूमिका निरंतर बढ़ रही है। विशेष रूप से नागपुर–झारसुगुड़ा मुख्य रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाले ट्रैक अनुरक्षण की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।

वर्तमान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेल पथ अनुरक्षण के लिए कुल 92 आधुनिक ट्रैक मशीनें कार्यरत हैं। इनमें सीएसएम, ड्योमैटिक, एमपीटी, यूनिमेट, बीसीएम, एफआरएम, पीक्यूआरएस, टी-28, बीआरएम, डीजीएस, यूटीवी सहित अनेक अत्याधुनिक मशीनें शामिल हैं। इन मशीनों के संचालन एवं रखरखाव के लिए ट्रैक मशीन संगठन में लगभग 900 प्रशिक्षित एवं समर्पित कर्मचारी कार्यरत हैं, जो दिन-रात रेल पथ को बेहतर एवं संरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

Back to top button