Advertisement Here

भाजपा के रहते कभी खत्म नहीं होगा आरक्षण, CM विष्णुदेव साय ने कांग्रेस का जमकर लताड़ा

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के बेमेतरा जिले के नवागढ़ में शनिवार को भाजपा की भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे। अध्यक्षता केबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल ने की। विशेष रूप से विधायक ईश्वर साहू, दुर्ग लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल भी उपस्थित रहे।

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बेमेतरा जिले के तीनों विधानसभा साजा, बेमेतरा व नवागढ़ में 7 मई को मतदान होना है। दुर्ग लोकसभा से भाजपा की ओर से वर्तमान सांसद विजय बघेल चुनावी मैदान में हैं। इनके प्रचार को लेकर शनिवार को सीएम विष्णु देव साय जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने जिले के नवागढ़ में जनसभा को दोपहर 1.30 बजे संबोधित किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जब तक देश मे भाजपा है, तब तक आरक्षण खत्म नहीं होगा। आगे उन्होंने कहा कि खुद पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ महादेव सट्टा एप मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है। सीएम विष्णु देव साय ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस कई तरह के अफवाह फैला रही है।

भाजपा के रहते न तो संविधान को खतरा है और न ही एसटी, एससी व ओबीसी आरक्षण खत्म किया जाएगा। प्रदेश के सभी 11 सीट भाजपा जीत रही है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के लोगों के साथ छल किया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कई वादे किए थे, जो 5 साल बाद भी पूरे नहीं हुए। उल्टे भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान जमकर भ्रष्टाचार हुआ। यही कारण है कि उनके कई नेता जेल में बंद हैं।

सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में जो काम किया है, वो काम कोई भी दूसरी सरकार नहीं कर सकती। उनके कार्यकाल के दौरान राम मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाया गया। ऐसे प्रधानमंत्री को फिर से तीसरी बार पीएम बनाना है।

जनसभा के दौरान बेमेतरा जिला पंचायत सदस्य प्रजा निर्वाणी, मुंगेली के पूर्व विधायक बारमते समेत दर्जनभर कांग्रेस कार्यकर्ताओंं ने भाजपा में प्रवेश किया है। कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि आज हम सब के बीच में कुछ देने नहीं आप सभी से मांगने आए हैं। पिछले लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा मतों से विजय को विजय बनाएंगे। महतारी वंदन योजना को बनाने वाले विजय बघेल हैं, जिनकी पहल से माताओं बहनों को हर माह 1 हजार रुपए मिल रहा है।

भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने कहा कि पाटन विधानसभा में कांग्रेस के पूर्व मंत्री की सभा में सौ दो सौ लोग ही आते हैं और हमारे ईश्वर साहू की सभा में पांच सात सौ लोग रहते हैं।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button