किसान चेक करें अकाउंट, सरकार ने 5.22 करोड़ रूपए का किया भुगतान
होली त्योहार से पहले छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी सौगात दी है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 5.22 करोड़ रूपए का भुगतान किया…

होली त्योहार के पहले गन्ना किसानों को बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर होली के त्योहार से पहले गन्ना किसानों के चेहरे पर खुशी लाने के लिए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने 7 मार्च को 5.22 करोड़ रुपए का भुगतान जारी किया है।
अब तक 50.21 करोड़ रुपए का भुगतान
पेराई सत्र 2024-25 के दौरान गन्ना किसानों को 315.10 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया है। अब तक कारखाने द्वारा कुल 50.21 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिला है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में लगातार यह सुनिश्चित किया जा रहा कि गन्ना किसानों को भुगतान समय पर मिले।
किसानों को बड़ी सौगात
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना द्वारा इस सत्र में कुल 2.78 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई, जिससे 2.59 लाख क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ। यह सफलता क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के हक और समान को सर्वोपरि मानती है।
हमने सुनिश्चित किया कि होली से पहले किसानों को उनका मेहनताना मिले, ताकि वे खुशी और आत्मनिर्भरता के साथ त्योहार मना सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार के इस कदम से गन्ना किसानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। किसान परिवार अब होली को और हर्षोल्लास के साथ मना सकेंगे।