भाजपा निगम-मंडलों की दूसरी सूची महीने भर में हो सकती है जारी, चर्चा हुई तेज

प्रदेश भाजपा में अब निगम-मंडलों की दूसरी सूची को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दूसरी सूची में निगम-मंडलों, आयोगों और परिषदों में अध्यक्षों की नियुक्त के बाद अब उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की जानी है। साथ ही बचे निगम-मंडलों, आयोगों और परिषदों में भी अध्यक्षों की नियुक्ति बाकी है। ऐसे में जिन लोगों को अभी तक पद नहीं मिला है ऐसे दावेदार लगातार दूसरी सूची पर निगाह जमाए हुए हैं। साथ ही अपने स्तर पर संगठन के नेताओं से संपर्क साधे हुए हैं। वहीं अपने खास नेताओं से भी गाहे-बगाहे इसे लेकर मनुहार लगाते रहते हैं।

एक माह में होगा संगठन में फेरबदल

जानकारी के अनुसार भाजपा संगठन में एक माह के भीतर भारी फेरबदल होने वाला है। क्योंकि संगठन के कुछ पदाधिकारी महापौर, निगम-मंडलों में अध्यक्ष भी बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा कुछ लोगों को अन्य पद पर भी नियुक्ति दी जा चुकी है। ऐसे में एक व्यक्ति एक पद का लाभ चरितार्थ करते हुए दो-दो पर बने पदाधिकारियों को हटाया जाएगा। इनकी जगह प्राप्त करने के लिए भी भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं या फिर नीचे पद पर आसीन लोग आने के लिए अपनी-अपनी लॉबिंग में लग गए हैं। चूंकि भाजपा हमेशा चौंकाने वाली निर्णय लेती है, इसलिए कोई कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है।

करीब 500 लोग किए जाएंगे समायोजित

भाजपा सूत्रों के अनुसार पहली सूची के बाद अब दूसरी सूची भी शीघ्र जारी किए जाने की संभावना है। साथ ही उपाध्यक्ष, सदस्यों सहित संगठन में खाली पदों को मिलाकर करीब 500 लोगों को समायोजित किया जाएगा। भाजपा में जो पार्टी के कार्यों में समर्पित होकर लगे रहते हैं, उन लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button