She News: एक छात्रा जिसने खोल दिए चौबीस पुस्तकालय, लोगों ने भी बढ़ाए मदद के हाथ

इन पुस्तकालयों में हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और तेलुगू भाषा की 16 हजार से अधिक किताबें उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनकी इस पहल की प्रशंसा की है।

She News: हैदराबाद की नौवीं कक्षा की छात्रा आकर्षण सतीश ने बच्चों के पढ़ने के जज्बे को मजबूत करने के लिए एक अनूठी पहल की है। उन्होंने तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के विभिन्न इलाकों में कुल 24 पुस्तकालय स्थापित किए हैं। इन पुस्तकालयों में हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और तेलुगू भाषा की 16 हजार से अधिक किताबें उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनकी इस पहल की प्रशंसा की है। हाल ही उन्होंने हैदराबाद के बाल सुधार गृह में भी पुस्तकालय स्थापित किया है, जिसमें सामान्य ज्ञान, फिक्शन और नॉन-फिक्शन की 720 पुस्तकें रखी गई हैं। अब वह अपनी 25वीं पुस्तकालय हैदराबाद मेट्रो स्टेशन पर खोलना चाहती हैं, ताकि वहां आने-जाने वाले यात्री प्रेरक और अच्छी किताबें पढ़ सकें।

She News: लोगों ने भी की मदद

वह कहती हैं कि इस प्रयास में उन्हें न केवल परिवार का समर्थन मिला, बल्कि शहर के लोग और कई संस्थान भी उनके साथ हैं। जब भी वे किसी से मिलती हैं, तो किताबों के महत्त्व को समझाकर उनसे किताबें मांगती हैं। लोग उनके उद्देश्य को जानकर खुशी-खुशी अपनी किताबें देते हैं और उन्हें सुरक्षित रखने का भरोसा देते हैं।

यूं मिली प्रेरणा

वह बताती हैं कि जब वे नौ वर्ष की थीं, तब अपने पिता के साथ एक कैंसर अस्पताल गई थीं। वहां उन्होंने देखा कि बच्चे पढ़ने के लिए उत्सुक थे, इसी प्रेरणा से उन्होंने कुछ किताबें लेकर उन्हें दीं, जिससे बच्चे बेहद खुश हुए। उन्होंने अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों से किताबें एकत्रित करके एक छोटी सी पहल शुरू की, जिससेजरूरतमंद बच्चों को किताबें मिल सके। अब तक वह 16 हजार से अधिक किताबें इकट्ठा कर चुकी हैं और उन्हें विभिन्न पुस्तकालयों में वितरित कर चुकी हैं।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button