संविधान में आस्था रखकर आगे बढ़ रहा है भारत: मुख्यमंत्री साय

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को 75 वें संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित टाउन हॉल में आयोजित हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। उन्होंने संविधान पर आधारित लघु फिल्म देखी।

साय ने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत संविधान में आस्था रखते हुए आगे बढ़ रहा है। संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है। आम नागरिक अपने अनुसार जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा, विधायक और सांसद जैसे पदों पर आम नागरिकों का पहुंचना संविधान की उदार, समावेशी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का परिणाम है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को संविधान दिवस पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जम्वाल ने संविधान को नमन किया तथा संविधान निर्माताओं को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। जम्वाल ने कहा संविधान लोकतंत्र की गीता है। यह देश के मान, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। हम सबका कर्तव्य है कि हम इसे आत्मसात कर संविधान निर्माताओं के स्वप्नों को साकार करने प्रतिपल संकल्पित रहें। देश के सभी लोगों को संविधान का पालन करना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मां भारती, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान महामंत्री अखिलेश सोनी मौजूद थे। प्रदेश मंत्री विद्या सिदार, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, मोहन पवार, अनुराग अग्रवाल, शंकर अग्रवाल एवं राकेश पांडे आदि उपस्थित थे।

ऐतिहासिक भागीदारी गर्व का विषय

मुख्यमंत्री ने संविधान निर्मात्री सभा में देश के सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के संविधान निर्माण अमूल्य योगदान को स्मरण किया। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ से भारत के संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठजनों का स्मरण करते हुए कहा, छत्तीसगढ़ की यह ऐतिहासिक भागीदारी आज भी गर्व का विषय है और इन महान जनप्रतिनिधियों की विचारशीलता, लोकतांत्रिक मूल्य और राष्ट्रनिर्माण की दृष्टि सदैव प्रेरणा देती रहेगी। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, संस्कृति विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button