सूर्यदेव करेंगे धनु राशि में प्रवेश, खरमास में शहनाई पर ब्रेक

रायपुर. एक माह के लिए खरमास प्रारंभ हो रहा है। इसलिए 15 दिसंबर से जनवरी तक विवाह के कोई शुभ मुहूर्त नहीं हैं। परंतु इस दौरान अंग्रेजी नए साल के पहले महीने में उत्सव की सबसे अधिक तिथियां हैं, इसलिए अन्य कार्यक्रम हो सकेंगे।

पंडितों के अनुसार जब सूर्यदेव धनु और मीन राशि में प्रवेश करते हैं, तब शुभ कार्यो ंं पर विराम लग जाता है। इन दोनों राशियों में सूर्य की गति काफी धीमी हो जाती है, जिसके कारण मांगलिक कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन कराना आदि वर्जित माने जाते हैं।

इन तिथियों पर विवाह के मुहूर्त

पं. मनोज शुक्ला ने बताया कि दिसंबर में अब शादी विवाह के मुहूर्त नहीं हैं। खरमास की वजह से ऐसी ही स्थिति जनवरी माह तक है। फिर 5, 10, 20 व 21 फरवरी विवाह के शुभ मुहूर्त हैं और मार्च में 9, 10, 11 व 12 तारीख को विवाह होंगे। इसके बाद अप्रैल में ङ्क्षहदू नव संवत्सर यानी चैत्र नवरात्रि के बाद शुभ मुहूर्त प्रारंभ होंगे।

माघी पूर्णिमा पर महादेवघाट में लगेगा आस्था का मेला

1 फरवरी को माघी पूर्णिमा है। इस तिथि पर महादेव घाट, शिवरीनारायण व राजिम संगम तट पर आस्था का मेला लगेगा। इसी तिथि पर गुरु रविदास जयंती मनाई जाएगी। 9 फरवरी को जानकी जयंती, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 19 फरवरी को श्रीरामकृष्ण परमहंस जयंती और 2 मार्च होलिका दहन होगा।

यह भगवान सूर्य उपासना के लिए विशेष

शंकराचार्य आश्रम के दंडी स्वामी इंदुभवानंद महाराज के अनुसार जब खरमास प्रारंभ होता है, तो वह समय भगवान सूर्य की उपासना के विशेष माना जाता है। इस बार भगवान सूर्य उपासना का महापर्व 4 दिसंबर से शुरू हुआ है और 3 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान हर दिन आश्रम में सुबह 11:30 से 12.30 बजे तक भगवान सूर्य की उपासना, आराधना के कार्यक्रम संपन्न किए जा रहे हैं। दंडी स्वामी का कहना है कि सूर्य उपासना के लिए पौष मास का विशेष महत्व शास्त्रों में वर्णित है। इस कालखंड में सूर्य आराधना से आरोग्य, तेज, मानसिक स्थिरता एवं आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है।

30 दिनों में 10 दिन उत्सव के नाम

महामाया मंदिर के पंडित मनोज शुक्ल के अनुसार खरमास काल 15 दिसंबर से प्रारंभ हो रहा है। इसलिए शादी विवाह के मुहूर्त नहीं हैं। परंतु जनवरी माह में सबसे अधिक उत्सव की 10 तिथियों का संयोग बन रहा है। जबकि इस माह 18 दिसंबर को गुरु घासीदास जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस डे है।

3 जनवरी – छेरछेरा पुन्नी
12 जनवरी – स्वामी विवेकानंद जयंती
13 जनवरी – लोहड़ी
14 जनवरी मकर संक्रान्ति
18 जनवरी – मौनी अमावस्या
19 जनवरी – गुप्त नवरात्र
23 जनवरी – बसंत पंचमी, नेताजी सुभाषचन्द्र जयंती
26 जनवरी – गणतंत्र दिवस
28 जनवरी – लाला लाजपत राय जयंती
30 जनवरी – महात्मा गांधी की पुण्यतिथि

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button