देश में तेल और अन्य जरूरी चीजों का भरपूर भंडार, मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा- चिंता की कोई बात नहीं

नई दिल्ली. देश में ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाक तनाव के बीच देश में अनाज, तेल और अन्य जरूरी चीजों के पर्याप्त भंडार भरे हैं। लोगों को चिंता की जरूरत नहीं है। जानकार सूत्रों के अनुसार देश में 75 दिन से ज्यादा का तेल और 660 लाख टन खाद्यान्न का भंडार है।
देश के कुछ शहरों में जमाखोरी की खबरें आने पर केंद्रीय खाद्य और आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि देश में सभी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को उच्च अधिकारियों के साथ कीमतों व स्टॉक स्थिरता के बारे में चर्चा की। मुनाफाखोरी पर नजर रखने के लिए सरकार प्रमुख कृषि उपज बाजार समितियों के साथ संपर्क में है। दरअसल सोशल मीडिया पर लंबे समय तक युद्ध चलने की आशंका और जरूरी चीजों को एकत्र करने के फर्जी मैसेज वायरल होने के कारण लोगों में अफवाहें फैली हैं।

देश में नियमित आपूर्ति के अलावा 75 दिन का एडवांस तेल भंडार
पेट्रोल-डीजल, एलपीजी की कमी नहीं… इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने शुक्रवार को कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त भंडार है। हमारी आपूर्ति लाइनें सुचारू रूप से चल रही हैं। ईंधन और एलपीजी सभी आउटलेट्स पर आसानी से उपलब्ध हैं। लोग अनावश्यक भीड़ से बचें। इसके अलावा अन्य तेल और गैस कंपनियों ने भी पर्याप्त स्टॉक होने की बात कही है। लोगों का भ्रामक संदेशों से बचने की सलाह दी गई है।
पीएम मोदी ने की समीक्षा, कीमत-आपूर्ति स्थिर
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री की बैठक से पहले आपूर्ति और भंडारण के बारे में अंतरमंत्रालयी समिति की बैठक हुई थी। इसमें कहा गया कि रेल, सड़क और हवाई माल ढुलाई में कोई व्यवधान नहीं है तथा करीब 500 बाजारों में प्रमुख वस्तुओं के मूल्य स्थिर हैं। देश में ईंधन, खाद्यान्न व अन्य खाने की चीजों, खाद और दवाइयों के पर्याप्त भंडार और आपूर्ति है। एक अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं, विशेषकर उत्तरी राज्यों के उपभोक्ताओं को कतई घबराने की जरूरत नहीं है। खाद्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि सरकारी एजेंसियों ने हाल ही 250 लाख टन से ज्यादा गेहूं खरीदा है।
बाजार भागने का कारण नहीं
देश के कुछ हिस्सों में अफवाह के कारण लोग जरूरी चीजों की अनावश्यक खरीद करने लगे। हमारे पास देश भर में हर जरूरी चीज का भंडार जरूरत से कई गुना ज्यादा है और देश के किसी भी हिस्से में लोगों को बाजार भागने का कोई कारण नहीं है।-प्रल्हाद जोशी, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री