Advertisement Here

ये है तमिल की बुलेट रानी.. 15 राज्यों का सफर पहुंची छत्तीसगढ़, चाहती हैं मोदी तीसरी बार बनें पीएम

लोकसभा चुनावों की सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इस बीच तमिल की बुलेट रानी (संत मां राजलक्ष्मी) छत्तीसगढ़ पहुंची। वोट फॉर नेशन-वोट फॉर मोदी अभियान के तहत वे तमिलनाडु से बुलेट पर 15 राज्यों के सफर में निकली हैं। वे रोज 300 किमी बाइक चलाती हैं। उनकी यात्रा अगले महीने दिल्ली पहुंचकर खत्म होगी। इधर, बलौदाबाजार पहुंचने पर भाजपा ने बुलेट रानी का जोरदार स्वागत किया।

मोदी के प्रचार में भारत भ्रमण

पत्रिका से बातचीत में बुलेट रानी ने बताया, 2014 के चुनावों से ही उन्होंने वोट फॉर नेशन-वोट फॉर मोदी अभियान शुरू कर दिया है। यह तीसरा चुनाव है जब वे मोदी के प्रचार में भारत भ्रमण पर निकली हैं। अपनी यात्रा के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, 12 फरवरी को तमिलनाडु के मदुरई से मोटर साइकिल पर यात्रा शुरू की।

18 अप्रैल को पहुंचेगी दिल्ली

15 राज्यों में तकरीबन 21 हजार किलोमीटर का सफर करते हुए उनकी यात्रा 18 अप्रैल को दिल्ली पहुंचेगी। अपने इस अभियान के तहत वे लोगों से नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने की अपील कर रही हैं। भाजपा के चुनावी नारे अबकी बार 400 पार के बारे में भी लोगों को बता रहीं हैं।

बीजेपी को मिलेगी बड़ी जीत

अब तक की अपनी यात्रा के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, तमिलनाडु से आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र होते हुए अब वे छत्तीसगढ़ पहुंची हैं। किसी भी राज्य में आज तक यात्रा का विरोध नहीं किया गया है। हर जगह उनका स्वागत ही किया गया। कर्नाटक जैसे कांग्रेस शासित राज्य में भी लोगों से उनके अभियान को अभूतपूर्व समर्थन मिला। उनका दृढ़ विश्वास है कि इस चुनाव कांग्रेस शासित राज्यों में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी।

21 लोगों की टीम के साथ शुरू किया अभियान

बुलेट रानी ने 21 लोगों की टीम के साथ अभियान शुरू किया है। लेकिन, पूरे सफर में मोटर साइकिल वे अकेले चला रहीं हैं। प्रतिदिन वह 300 किलोमीटर मोटर साइकिल चला लेती हैं। सबसे सुखद बात है कि उनकी पूरी यात्रा केसरिया रंग की साड़ी में हो रही है। इस बारे में उन्होंने कहा कि आजकल की युवतियों और महिलाओं में भ्रम है कि साड़ी में दुपहिया वाहन चलाना मुश्किल है। वे पश्चिमी सभ्यता की नकल करती हैं।

लोगों को खुलकर मतदान करने की अपील की

इस अभियान के माध्यम से वे उन सभी को यह संदेश दे रहीं हैं कि साड़ी में भी सहज रूप से सभी काम किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद वे इससे पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक वन नेशन-वन फ्लैग अभियान के तहत मोटर सायकल यात्रा निकाल चुकी हैं। उनके एनजीओ ने अयोध्या राम जन्मभूमि में 300 किलो वजनी घंटे का भी दान किया है। उन्होंने सभी लोगों से लोकसभा चुनाव में खुलकर मतदान करने तथा मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की है।

फूलों से किया गया स्वागत

बलौदाबाजार पहुंचने पर शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष संकेत शुक्ला, जिला भाजयुमो अध्यक्ष गोलु जायसवाल की अगुवाई में आंबेडकर चौक में फूल बरसाकर बुलेट रानी का स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें भाजपा कार्यालय ले जाया गया। यहां बुलेट रानी ने लोकसभा चुनावों के मद्देनजर अपने विचार रखे।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button