साय कैबिनेट विस्तार पर अपडेट, नामों पर नहीं बनी सहमति, फिर से होगा मंथन

साय कैबिनेट विस्तार एक बार फिर से टल गया है। नए मंत्रियों के नामों पर सहमति नहीं बनने के बाद नामों की घोषणा नहीं हुई।

विष्णुदेव साय कैबिनेट का विस्तार एक बार फिर टल गया है। माना जा रहा था कि बुधवार यानी 9 अप्रैल को हुई बीजेपी की अहम बैठक में नए कैबिनेट मंत्रियों के नामों की घोषणा हो सकती है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। नामों पर चर्चा के लिए दिल्ली से संगठन मंत्री शिवप्रकाश और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी नीतीन नबीन भी रायपुर में मौजूद है। लेकिन बैठक में नामों को लेकर फिर से पेंच फंस गया।

सीएम ने कहा था शपथ का समय आ गया है…

बैठक से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया को दिए बयान में कहा था कि नाम तय हो गया है। वहीं इस बार अब मंत्रियों का शपथ नहीं रुकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा था कि नए मंत्रियों के शपथ का समय आ गया है, बहुत जल्द नए मंत्री उनके कैबिनेट का हिस्सा बन जाएंगे। लेकिन बैठक के बाद भी नामों का ऐलान नहीं हो सका।

खबरों की मानें तो नए मंत्रियों के नामों पर सहमति नहीं बन पाई। तीन नए मंत्रियों में अमर अग्रवाल, गजेंद्र यादव और पुरंदर मिश्रा के नामों की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही थी। माना जा रहा था कि इन तीन नामों का ऐलान हो सकता है। वहीं सूत्रों की माने तो पार्टी के पुराने नेता नामों को लेकर सिफारिश आई। जिसके बाद फिर से मामला फंस गया। वहीं अब नए सिरे से बीजेपी नामों को लेकर मंथन करेंगी।

बीजेपी की अहम बैठक में संगठन मंत्री शिवप्रकाश और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी नीतीन नबीन ने प्रदेश के कामकाजों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, प्रदेश की भाजपा सरकार की नीति भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की है। भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर, किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भ्रष्टाचार का आरोपी चाहे कितना ही रसूखदार हो, उसे अपने कृत्यों की सजा मिलकर रहेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा, प्रदेश में ’सुशासन तिहार’ का शुभारंभ हो गया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार को 15 महीने हो गए हैं और इन 15 महीनों में मोदी की गारंटी में जितने भी वादे किए थे, उनमें से अधिकतर वादों को हमने पूरा कर दिया है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button