उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में आज बारिश का अलर्ट, अगले चार दिनों तक नहीं होगा परिवर्तन

CG Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। साथ ही आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। वहीं, राजधानी में धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं आएगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। बता दें कि अगले चार दिनों तक मध्य-दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

दिनभर धुंध

छत्तीसगढ़ में बदले मौसम के मिजाज के चलते लोगों को ठंड से राहत मिली है। सुबह और रात में ही ठंड का असर देखने को मिल रहा है। वहीं दिनभर धुंध के चलते तापमान में बढ़ोतरी हो गई। बुधवार को भी दिनभर मौसम ऐसा ही रहा है। बता दें ​कि मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में ठंड में कमी आने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि कहीं कहीं बारिश के हालात बने हुए हैं।

सामान्य से डेढ़ डिग्री ज्यादा पारा

पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के मौसम में हल्का परिवर्तन आया है। सरगुजा संभाग में भी ठंड कम हुई है, क्योंकि रात में बादल छा रहे हैं। राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। वहीं, रात का तापमान 15.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से डेढ़ डिग्री ज्यादा है।

राजनांदगांव सबसे गर्म

सबसे कम तापमान अंबिकापुर का 11 डिग्री रहा। राजनांदगांव प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां पारा 31.5 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार जहां बादल गरजेंगे, वहां गाज गिरने की आशंका है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button