Nari Shakti: रिश्ता टूटने के बाद नई शुरुआत का हौसला देतीं है… राफिया अफी

केरल के मल्लपुरम की राफिया अफी ने तलाक से हताश होने के बजाए ऐसी महिलाओं को नई राह दिखाई, जो रिश्तों के टूटने के बाद खुद को अकेला और असहाय महसूस करती हैं। 31 वर्षीय राफिया कहती हैं कि तलाक के बाद मैंने सोशल मीडिया पर सिंगल पेरेंटिंग और हीलिंग पर चर्चा शुरू की, इससे कई महिलाएं जुड़ीं। तब महसूस हुआ कि ऐसी महिलाओं को एक सपोर्ट सिस्टम की जरूरत है। इसलिए मैंने एक कैंप की शुरुआत की। कैंप का उद्देश्य महिलाओं को यह एहसास कराना है कि तलाक जीवन का अंत नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की शुरुआत हो सकता है। कैंप के माध्यम से महिलाएं पूरे देश की यात्रा कर सकती हैं।
भावनाएं बयां करती हैं
वह बताती हैं कि यह कैंप दो दिन तक चलता है। इसमें 14-20 महिलाएं शामिल होती हैं। जो प्रकृति के बीच विभिन्न गतिविधियों में भाग लेती हैं। शुरुआत में गेम्स, हाइकिंग, डांस और म्यूजिक सेशन होते हैं। इसके बाद महिलाएं एक-दूसरे से अपनी कहानी साझा करती हैं। सभी महिलाएं यहां अपना दर्द और भावनाएं खुलकर बयां कर सकती हैं। हर कहानी से उन्हें एक शिक्षा मिलती है।

कानूनी सहायता भी देती हैं
राफिया बताती हैं कि वह खुद घरेलू हिंसा से जूझ चुकी हैं और उनकी मां की मौत ने उन्हें वकालत का रास्ता चुनने के लिए प्रेरित किया। वह कैंप में महिलाओं को केवल भावनात्मक संबल ही नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करती हैं। इसके साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी देती हैं। वह बताती हैं कि एक साल में 150 से ज्यादा महिलाएं इस कैंप का हिस्सा बन चुकी हैैं।











