71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार… शाहरुख-रानी को राष्ट्रीय पुरस्कार, मोहनलाल को दादा साहेब फाल्के

नई दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को विज्ञान भवन में भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को 2023 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिए। अभिनेता शाहरुख खान को जवान, विक्रांत मैसी को 12वीं फेल के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता तथा रानी मुखर्जी को मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। मलयालम अभिनेता मोहनलाल को भारतीय सिनेमा का सबसे बड़े पुरस्कार दादा साहेब फाल्के से नवाजा गया।

इस दौरान पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। मोहनलाल को पुरस्कार मिलने पर सभी ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। शाहरुख, रानी और मैसी को पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फिल्म मेकर्स की सराहना करते हुए कहा, सिनेमा सिर्फ उद्योग नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र को जागृत करने और नागरिकों को अधिक संवदेनशील बनाने का माध्यम है। अन्य श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए गए।

सपना सच होने से भी बड़ा

मोहनलालद्ग मोहनलाल ने कहा, मैंने कभी इस पल का सपना देखने की हिम्मत भी नहीं की थी। अपने सबसे बड़े सपनों में भी नहीं। इसलिए यह सिर्फ कोई सपना सच होने जैसा नहीं है, यह उससे कहीं बड़ा, जादुई, और पवित्र है। सिनेमा मेरी आत्मा की धड़कन है।

मोहनलाल: चार दशक में 400 से ज्यादा फिल्में की। 5 बार राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं।

शाहरुख खान: चार दशक के कॅरियर में 100 से ज्यादा फिल्में की हैं। 14 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते।

रानी मुखर्जी: 29 साल का फिल्म कॅरियर। कुछ कुछ होता है, हिचकी, ब्लैक जैसी यादगार फिल्में दीं।

विक्रांत मैसी: छपाक, कार्गो और 12वीं फेल जैसी फिल्मों से पहचान बनाई। टीवी शो बालिका वधू से अभिनय की दुनिया में कदम रखा।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button