बिहार चुनाव का ऐलान.. 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान, 14 को नतीजे

नई दिल्ली. देश, खासकर उत्तर भारत, में राजनीतिक तौर पर सबसे अहम माने जाने वाले बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को विज्ञान भवन में चुनाव कार्यक्रम घोषित किया। बिहार के नतीजे देश की आगे की राजनीति को सीधे तौर पर प्रभावित करेंगे।
इस चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और राहुल गांधी-तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हैं। चूंकि केंद्र में एनडीए सरकार में 12 लोकसभा सांसदों के साथ जदयू प्रमुख पिलर है, ऐसे में हार-जीत से गठबंधन सरकार के समीकरणों पर असर पड़ सकता है। एनडीए की जीत से मोदी सरकार को नई ऊर्जा मिलेगी तो महागठबंधन की जीत से हालिया चुनावों में पराजय का सामना कर चुके कांग्रेस नेतृत्व इंडिया गठबंधन में नई ऊर्जा का संचार होगा। महागठबंधन की जीत से मोदी सरकार की मजबूती (अथॉरिटी) पर असर पड़ेगा।

2020 के चुनाव में प्रमुख दलों को वोट प्रतिशत व सीटें
भाजपा-19.46——74
जदयू- 15.39—-43
राजद- 23.11—-75
कांग्रेस- 9.48—19
सीपीआई(एमएल)-3.16 —-12
एआईएमआईएम-1.66 —5
एलजेपी (आरवी)—5.66—1
वीआइपी —1.52—4
कुल सीट- 243
सामान्य- 203
एससी- 38, एसटी- 02
कुल मतदान केंद्र- 90,712
कुल मतदाता- 7.43 करोड़
पुरुष मतदाता- 3.92 करोड़
महिला मतदाता- 3.50 करोड़
100 वर्ष उम्र पार- 14 हजार
पहली बार मतदाता- 14.01 लाख
खास बातें
सभी मतदान केंद्रों की लाइव स्ट्रीमिंग होगी
197 मतदान केंद्रों पर नाव से पोलिंग पार्टियां जाएंगी
घोड़े पर सवाल होकर 250 मतदान केंद्रों की निगरानी करेगी पुलिस
फॉर्म 17 सी और ईवीएम डेटा में मिस मैच करने पर वीवीपैट की गणना होगी











