लोकगायिका मैथिली ठाकुर भाजपा में हुई शामिल, 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, देखें चर्चित नाम

नई दिल्ली. एनडीए में सीट बंटवारे पर सहयोगी दलों में नाराजगी की खबरों के बीच भाजपा ने मंगलवार दोपहर 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। सूची में सभी प्रमुख जातियों व वर्गों को साधने की रणनीति दिखी है। आधे से ज्यादा टिकट दलितों, पिछड़े, अति पिछड़ों और महिलाओं को बांटे हैं। पटना साहिब से सात बार के विधायक और विधानसभा स्पीकर नंदकिशोर यादव सहित 10 मौजूदा विधायकों का टिकट काटकर एंटी इंकमबेंसी फैक्टर से पार पाने की कोशिश की है।

पार्टी ने यादव की जगह नए चेहरे वकील रत्नेश कुशवाहा को उतारा है। ये वही वकील हैं, जिन्होंने पीएम मोदी की मां के एआइ वीडियो से जुड़ा केस पटना हाईकोर्ट में लड़ा था। कुल 101 सीटों पर लड़ने के कारण भाजपा को अभी 30 और टिकट घोषित करने हैं।

पार्टी ने कुम्हरार, पटना साहिब, राजनगर और औरंगाबाद जैसी सीटों पर नए चेहरे उतारे हैं। टिकट वितरण में सोशल इंजीनियरिंग का ध्यान रखा गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व न मिलने से नाराजगी की खबरों के बीच राजपूत समाज के सबसे ज्यादा 15 प्रत्याशी बनाए गए हैं। पार्टी ने दानापुर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को तो दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सम्राट चौधरी को तारापुर से और विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय की मौजूदा सीट से टिकट दिया है।

दो पूर्व उपमुख्यमंत्रियों रेणु देवी को बेतिया से और तारकेश्वर प्रसाद को कटिहार से उतारा गया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पार्टी अति आत्मविश्वास में न रहे। उधर, लोकप्रिय युवा लोकगायिका मैथिली ठाकुर भाजपा में शामिल हो गई। वह अलीनगर से चुनाव लड़ सकती हैं।

सहयोगियों में नाराजगी भी

एनडीए में किस सीट पर कौन लड़ेगा, इसको लेकर नीतीश, चिराग, जीतनराम मांझी व उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के बीच मतभेद उभरकर सामने आए। इसके चलते सोमवार को पटना में एनडीए की साझा प्रेस कांफ्रेंस नहीं हो सकी व भाजपा की सूची भी अटक गई थी। भाजपा में भी कुछ खास सीटें सहयोगियों को देने पर नाराजगी है।

12 मंत्रियों को टिकट
सम्राट चौधरी

विजय सिन्हा

मंगल पांडेय

नितिन नवीन

डॉ. प्रेम कुमार

रेणु देवी

नीतीश मिश्रा

संजय सरावगी

नीरज कुमार सिंह बबलू

जीवेश कुमार मिश्रा

डॉ. सुनील कुमार,

राजू कुमार सिंह

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button