महाभारत में अर्जुन के लिए चुने गए थे पंकज, मूंछें कटवाना मंजूर नहीं था; इसलिए कर्ण बने

मुंबई. बीआर चोपड़ा की महाभारत में कर्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता पंकज धीर का बुधवार को निधन हो गया। 68 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। कर्ण के रूप में लोकप्रिय हुए पंकज धीर को असल में अर्जुन के किरदार के लिए चुना गया था। निर्माता बीआर चोपड़ा के अलावा पटकथा और संवाद लेखक रहे राही मासूम रजा, भृंग तुपकरी और पंडित नरेंद्र शर्मा भी अर्जुन के लिए उनको लेकर एकमत थे।
यहां तक कि धीर ने कॉन्ट्रेक्ट पर साइन भी कर दिए। लेकिन चोपड़ा ने यह साफ कर दिया कि बृहन्नला (अर्जुन के किन्नर अवतार) की भूमिका के लिए उन्हें अपनी मूंछें हटानी होंगी। लेकिन पंकज धीर ने मूंछें हटाने से इनकार कर दिया। एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया कि मैंने साफ कह दिया कि बिना मूछों के लुक बदल जाएगा, जो उन्हें मंजूर नहीं।

तब बीआर चोपड़ा ने नाराजगी भरे लहजे में उनसे कहा कि क्या आप वाकई एक्टर हैं? इतनी बड़ी भूमिका मूंछों के कारण छोड़ रहे हैं। चोपड़ा ने उन्हें तब ऑफिस से जाने के लिए कह दिया। हालांकि छह माह बाद चोपड़ा ने फोन कर उन्हें कर्ण की भूमिका के लिए बुला लिया। महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले फिरोज खान ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा, एक अच्छे दोस्त को खो दिया।
कई फिल्में भी की
धीर ने सोल्जर, सनम बेवफा, बादशाह और सड़क जैसी हिंदी फिल्मों में दमदार अभिनय किया तो चंद्रकांता, युग और द ग्रेट मराठा जैसे टीवी धारावाहिक भी किए। पंकज के परिवार में उनकी पत्नी अनीता धीर और बेटा निकितन है। निकितन ने चेन्नई एक्सप्रेस में थंगबली का किरदार निभाया था।











