PM मोदी फहराएंगे धर्मध्वजा, 8000 से ज्यादा मेहमान आएंगे

नई दिल्ली. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 नवंबर को बड़ा आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फीट लंबी और 11 फीट चौड़ी धर्मध्वजा फहराएंगे। इस मौके पर 22 जनवरी, 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से भी ज्यादा हस्तियों को बुलाने की तैयारी है। पिछली बार सात हजार वीवीआइपी आए थे, इस बार आठ हजार से अधिक देश-दुनिया की हस्तियों को बुलाने की तैयारी है। पैराशूट के कपड़े से बनी 15 किलो वजनी धर्मध्वजा को 205 फीट पर फहराया जाना है, जिसके लिए सेना की सहायता ली जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने सबसे पहले पांच अगस्त, 2020 को राम मंदिर का भूमि पूजन किया था और फिर 22 जनवरी, 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की। अब मंदिर का तीसरा चरण भी पूर्ण होने जा रहा है तो वे 25 नवंबर को मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे।
मुख्य मंदिर, परकोटे के मंदिर (भगवान शिव, भगवान गणेश, भगवान हनुमान, सूर्यदेव, देवी भगवती, देवी अन्नपूर्णा तथा शेषावतार) भी पूर्ण हो चुके हैं। इन पर ध्वजदंड एवं कलश स्थापित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त सप्त मण्डप अर्थात महर्षि वाल्मीकि, वशिष्ठ, विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, निषादराज, शबरी एवं ऋषि पत्नी अहिल्या मंदिरों का भी निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही संत तुलसीदास मंदिर भी बन चुका है।











