दौड़ती गाड़ी चार्ज.. वायरलेस चार्जिंग हाईवे तैयार

पेरिस. फ्रांस ने दुनिया की पहली ऐसी हाईवे तकनीक लागू कर दी है जो दौड़ते इलेक्ट्रिक वाहनों को रोके बिना चार्ज कर सकती है। पेरिस के बाहर ए10 मोटरवे के पास यह 1.5 किमी लंबा ट्रैक कारों, बसों और ट्रकों को वायरलेस तरीके से चार्जिंग देता है। सड़क में लगी प्रणाली 200 किलोवॉट से अधिक सतत शक्ति और 300 किलोवॉट तक की पीक पावर देती है जो टेस्ला के वी3 सुपरचार्जर जैसी तेज चार्जिंग के बराबर है। परिवहन विभाग की तैयारी साल 2035 तक फ्रांस में ऐसे 9,000 किमी चार्जिंग रोड बनाने की है।

कैसे काम करता है ‘मैग्नेटिक रोड’?

हाईवे के डामर के नीचे कॉपर कॉइल्स बिछाई गई हैं, जो सड़क के भीतर मैग्नेटिक फील्ड पैदा करती हैं। जैसे ही कोई इलेक्ट्रिक वाहन अपने विशेष रिसीवर के साथ इस हिस्से पर गुजरता है, यह फील्ड ऊर्जा को वाहन की बैटरी में ट्रांसफर कर देती है, जैसे किसी स्मार्टफोन को वायरलेस पावर बैंक से चार्ज किया जा रहा हो। चार्जिंग की सतह पूरी तरह सीलबंद है, ऐसे में बारिश या बर्फ का इस पर कोई असर नहीं होगा और यह चुंबकीय ऊर्जा प्रणाली काम करती रहेगी।

इजरायली कंपनी इलेक्ट्रियन द्वारा विकसित यह तकनीक न केवल कुशल है, बल्कि टिकाऊ भी है क्योंकि यह सड़क के भीतर है और इसमें कोई गतिशील हिस्सा नहीं जो घिसे या टूटे। टेक्नोलॉजी वेबसाइट एरेनाईवी के अनुसार, इस सड़क पर कुछ ही मिनटों की ड्राइव से वाहनों की रेंज काफी बढ़ गई।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button