Weather News: मौसम विभाग का पूर्वानुमान, इस माह पहले से ज्यादा ठंडे रहेंगे दिन

नई दिल्ली. देशभर में इस बार नवंबर माह में सर्दी का मिजाज कुछ अलग तरह का रहेगा। पिछले औसत तापमान की तुलना में इस बार दिन ज्यादा ठंडे और रात पिछली सर्दियों की तुलना में कम ठंडी होंगी। यह बदलाव मानसून के बाद बारिश, बादल छाए रहने और आर्द्रता बढ़ने से दिखाई देगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार नवंबर में मिला-जुला मौसम रहेगा। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि कमजोर ला नीना और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण नवंबर में तापमान में बड़ा बदलाव आएगा।

ला नीना का प्रभाव फरवरी 2026 तक

आईएमडी के अनुसार उत्तर भारत में तापमान गिरने से ठंड बढ़ सकती है। वहीं दिल्ली-एनसीआर व उत्तरप्रदेश समेत अन्य इलाकों में कोहरा भी पड़ सकता है। मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में कमजोर ला नीना स्थिति का प्रभाव फरवरी 2026 तक बने रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के भागों को छोड़कर देश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

देश का तापमान रुझान

उत्तर-पश्चिम, मध्य व पश्चिमी भारत में दिन का तापमान सामान्य (28-32 डिग्री सेल्सियस ) से कम रहेगा। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, पूर्वोत्तर भारत व दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा।

रात का तापमान

पूरे देश में आर्द्रता बढ़ने व बादल छाए रहने से रात का तापमान सामान्य (18-25 डिग्री सेल्सियस ) से अधिक रहेगा। दिल्ली व उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों में कोहरा पड़ने की संभावना है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button