Nari Shakti: पैरा आर्चर शीतल ने रचा इतिहास, एबल कैटेगरी में चुनौती पेश करेंगी

नई दिल्ली. यदि दिल में जोश और जज्बा हो तो सपने पूरे जरूर होते हैं। भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी का वो सपना पूरा हो गया, जो वो काफी समय से देख रही थीं। दरअसल, शीतल को आगामी एशिया कप २०२५ स्टेज-३ (एबल-बॉडी जूनियर वर्ग) के लिए भारतीय आर्चरी टीम में चुना गया है। यह प्रतियोगिता सऊदी अरब के जेद्दाह में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही शीतल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है क्योंकि यह पहली बार है जब किसी पैरा-एथलीट को एबल-बॉडी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। शीतल ने इसके लिए कोच गौरव शर्मा के मार्गदर्शन में तैयारी की थी।

एबल कैटेगरी इसमें पूरी तरह से सक्षम खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।

पिछले साल नवंबर में शीतल को लोकप्रिय शो कौन बनेगा करोड़पति में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान शो के होस्ट और महान अभिनेता अमिताभ बच्चन के सामने शीतल ने कहा था कि उनकी इच्छा है कि काश वे एक दिन सक्षम खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करें। किस्मत देखिए कि ठीक एक साल बाद नवंबर २०२५ में शीतल का ये सपना पूरा होने जा रहा है और उन्हें भारतीय एबल टीम में जगह मिली है।

दमदार प्रदर्शन

०१ कांस्य २०२४ पैरालंपिक खेलों में जीता

०४ पदक विश्व चैंपियनशिप में जीते, एक स्वर्ण पदक

०३ पदक एशियन पैरा गेम्स में जीते, एक गोल्ड

०२ पदक एशियन चैंपियनशिप में, एक स्वर्ण

इस तरह बनाई जगह

हाल ही में सोनीपत में तीरंदाजों के चयन के लिए कैंप लगा था, जिसमें करीब ६० सक्षम तीरंदाज पूरे देश से शामिल हुए थे। इस कैंप में शीतल ने भी हिस्सा लिया और चार दिन तक चली प्रतियोगिता में वह तीसरे स्थान पर रहीं।

क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रहीं

इस कैंप के दौरान क्वालिफिकेशन राउंड में शीतल ने ७०३ अंक हासिल किए और तेजल साल्वे के साथ शीर्ष पर रहीं। वहीं, फाइनल राउंड में शीतल ११.५ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। तेजल १५.७५ अंकों के साथ शीर्ष पर जबकि वेदेही जाधव ने १५ अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button