CG Tourism: धुड़मारास जैसा पिकनिक स्पॉट अब कांगेर वैली में भी

CG Tourism: जगदलपुर. एक ऐसा गांव जहां सब कुछ प्रकृति से जुड़ा हुआ है। जहां कोई शोर नहीं सिर्फ प्रकृति की आवाज हो। ऐसा ही एक गांव तैयार हो रहा है बस्तर जिले के कांगेर घाटी नेशनल पार्क में। गांव का नाम है नागलसर।
इससे पहले इसी इलाके में धुड़मारास गांव प्रदेश का पहला टूरिज्म विलेज बना था। इस गांव में ऐसी खासियत है कि इसे यूनेस्को ने अपनी टॉप 60 टूरिज्म विलेज की लिस्ट में शामिल किया है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से भी यह गांव सम्मानित है। अब इस गांव की तर्ज पर नागलसर को डेवलप किया जा रहा है। धुड़मारास को पर्यटन क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के बाद अब कांगेर घाटी प्रबंधन जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर ग्राम नागलसर को नया टूरिज्म विलेज बना रहा है।

इस योजना के तहत कांगेर वैली ईको विकास समिति द्वारा नागलसर में फ्लोटिंग राफ्ट राइड यानी बांस से निर्मित नाव की शुरुआत की गई है। धुड़मारास के बाद नागलसर का विकास न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि बस्तर की संस्कृति और जीवनशैली को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
नागलसर में पर्यटन विलेज के रूप में विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। गांव के लोगों को होम-स्टे संचालन, गाइडिंग, पारंपरिक खेल आयोजन और हस्तशिल्प उत्पादों की बिक्री से आजीविका के अवसर मिलेंगे। आने वाले दिनों में नेतानार में भी इसी तरह की पर्यटन गतिविधियां शुरू करने की योजना है।











