बिहार में रेकॉर्ड मतदान, एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत का अनुमान

पटना/नई दिल्ली.बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को हुए मतदान ने सभी रेकॉर्ड तोड़ दिए। इस दौरान 20 जिलों की 122 सीटों के लिए 68.76% मतदान हुआ। पहले चरण में 65.08 फीसदी मतदान हुआ था। इसे मिलाकर कुल 66.91त्न मतदान हुआ। बिहार में आजादी के बाद यह सर्वाधिक मतदान है। सबसे अधिक वोट 81.60% कसबा सीट पर पड़े। वहीं सबसे कम नावादा सीट पर 55.03% मतदान हुआ।

खास बात है कि मतदान में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पुरुषों के मुकाबले अधिक मतदान किया। महिलाओं ने 71.60 फीसदी और पुरुषों ने 62.80 फीसदी मतदान किया। दूसरे चरण के चुनाव के साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया। अब मतगणना 14 नवंबर को होगी।

वहीं, 7 अन्य राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। इनमें राजस्थान की अंता, जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नागरोटा,झारखंड की घाटसिला, तेलंगाना की जुबली हिल्स, पंजाब की तरनतारन, मिजोरम की डम्पा और ओडिशा की नुआपाडा सीट शामिल है।

बिहार में मतदान खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे भी आना शुरू हो गए हैं। एग्जिट पोल में करीब सभी एजेंसियों ने एनडीए की सरकार बनने की संभावना जताई है। गौरतलब है कि 2020 में एनडीए को 125 और महागठबंधन को 110 सीटें मिली थी।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button