मुख्यमंत्री साय बोले- जनजातीय समुदाय के विकास के लिए सरकार संकल्पित

जगदलपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को जगदलपुर आए और यहां जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ की सरकार जनजातीय समुदाय के समग्र विकास के लिए संकल्पित है। सीएम साय ने जनजातीय उत्थान और सम्मान के लिए उठाए गए ऐतिहासिक राष्ट्रीय कदमों का स्मरण करते हुए कहा कि जनजातीय कल्याण की दिशा में तीन बड़े मील के पत्थर रखे गए हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया, जिनके कार्यकाल में ही आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ और झारखंड राज्यों का गठन किया गया।

मुख्यमंत्री ने इसे जनजातीय पहचान को सम्मान देने और उनके त्वरित विकास की दिशा में युगांतरकारी निर्णय बताया। इसके अतिरिक्त, अटलजी ने ही जनजातीय हितों की रक्षा और विकास हेतु एक अलग ‘जनजातीय कार्य मंत्रालय’ का गठन किया। मुख्यमंत्री साय ने पीएम नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर पूरे राष्ट्र में जनजातीय नायकों के सम्मान की एक ऐतिहासिक परंपरा स्थापित की।

राउत नाचा: सीएम नर्तक दल के साथ झूमे

लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित 48वें राउत नाचा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए वे पारंपरिक वेशभूषा में राउत नर्तक दलों के बीच पहुंचे और ढोल-नगाड़ों की गूंजती धुन झूमे।

सीएम साय ने बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यहां भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, साथ ही प्रमुख चौक का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाएगा। सीएम ने लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर किए जाने की घोषणा भी की।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button