व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक के 5000 पदों में होगी भर्ती, 292 पद जोड़े गए

रायपुर । छत्तीसगढ़ में लंबे समय से प्रतीक्षित शिक्षक भर्ती प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने वाली है। राज्य सरकार ने भर्ती से संबंधित आदेश जारी कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 5000 शिक्षक पदों में भर्ती की जाएगी। नए आदेश में 292 पद सहायक शिक्षक के और जोड़ों गए है। इस भर्ती के तहत व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। 2023 के बाद छत्तीसगढ़ में इतनी बड़ी संख्या में भर्ती हो रही है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और व्यापमं इसके लिए आवेदन की तिथि और परीक्षा कार्यक्रम जल्द घोषित करेगा। लोक शिक्षक संचालनालय के उप संचालक अशोक बंजारा ने बताया कि शिक्षक भर्ती संबंधित प्रारंभिक डॉक्यूमेंट व्यापम को भेज दिए गए है। लेकिन अभी तक व्यापमं की ओर से कोई तिथि नहीं मिल पाई है। व्यापमं से तारीख मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
- व्याख्याता कम्प्यूटर और योग प्रशिक्षक के हटाए गए पद
विभाग की ओर से पहले ही 5000 पदों में भर्ती के आदेश जारी किए गए थे। लेकिन इन पदों में से 292 पद जो व्याख्याता कम्प्यूटर और योग प्रशिक्षक के 146-146 पदों को इस भर्ती प्रक्रिया से हटा दिया गया था। इन्हीं हटाए गए 292 पदों को सहायक शिक्षक के पदों में शामिल कर दिया गया है। अब पहले आदेश की तरह ही 5000 पदों में भर्ती होगी।
- व्यापमं कैलेंडर में अक्टूबर और नवंबर में तिथि खाली
स्कूल शिक्षा मंत्री के अनुसार, 15 फरवरी तक शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी की जाएगी। लेकिन व्यापमं के कैलेंडर को देखे तो यह साफ है कि भर्ती परीक्षा के आयोजन में देरी होगी। व्यापमं द्वारा जारी वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, सभी माह में परीक्षा की तारीख निर्धारित है। कैलेंडर में अक्टूबर माह में 11 और 25 तारीख आरक्षित हैं, साथ ही नवंबर में 29 तारीख भी आरक्षित है जिन पर किसी परीक्षा की जानकारी नहीं दी गई है।











