भीषण गर्मी से तप रहा छत्तीसगढ़, पारा 40 के पार, अगले चार दिनों तक लू की चेतावनी

रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 16 से 19 अप्रैल तक लू चल सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। बुधवार को राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा। इसकी तुलना में रायपुर में पारा 41.7 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे में राजधानी में पारा एक डिग्री चढ़ गया। जबकि प्रदेश में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है।
गर्म हवा के थपेड़ों ने किया परेशान
अप्रैल का तीसरा सप्ताह शुरू होते ही गर्म हवा के थपेड़ों ने लाेगों को परेशान कर दिया है। बुधवार को राजधानी में दोपहर गर्म हवा से लोग परेशान रहे। तेज गर्मी से बचने के लिए कई लोग चेहरे पर स्कार्फ व सिर पर गमछे बांधे नजर आए। हालांकि दोपहर में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन इससे खास फर्क नहीं पड़ा। गुरुवार को रायपुर का पारा 42 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है।
पहाड़ी व मैदानी इलाकों में अच्छी खासी गर्मी ने लोगों को हलाकान कर दिया है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक अधिक है। न्यूनतम तापमान कहीं सामान्य से कम तो कहीं ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मौसम शुष्क है। इसलिए दिन व रात तापमान क्रमश: बढ़ते जाएगा।











