समय पर खाद-बीज ने बदली खेती की तस्वीर
Timely availability of fertilizers and seeds transformed the agricultural landscape.

रायपुर । गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लालपुर गांव के प्रगतिशील किसान विष्णु राठौर की खेती आज आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है। कभी समय पर खाद और बीज नहीं मिलने से खेती प्रभावित होती थी, लेकिन अब सहकारी समिति से उन्नत बीज, डीएपी, रासायनिक खाद और नैनो यूरिया समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में मिलने से उनका खेती पर भरोसा और मजबूत हुआ है। विष्णु राठौर धान की खेती के साथ विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। उनका कहना है कि समय पर कृषि आदान मिलने से बुआई, फसल प्रबंधन और पोषण संबंधी कार्य व्यवस्थित ढंग से हो रहे हैं। नैनो यूरिया और संतुलित उर्वरकों के उपयोग से फसलों की बढ़वार बेहतर हुई है, उत्पादन बढ़ा है और सब्जियों की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। वे बताते हैं कि पहले आवश्यक कृषि सामग्री के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था, जबकि अब सहकारी समिति के माध्यम से सभी जरूरी संसाधन आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। शासन की किसान हितैषी पहल और सहकारी व्यवस्था ने खेती को अधिक सुविधाजनक बनाया है।











