उत्कृष्ट टिकट चेकिंग पर 9 रेलकर्मी सम्मानित, DRM ने दिया पुरस्कार
9 railway employees honored for excellent ticket checking; DRM presented the awards.

रायपुर- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में टिकट चेकिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के उत्साहवर्धन एवं उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना के उद्देश्य से आज मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर श्री दयानंद द्वारा अगस्त 2026 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र (Certificates of Appreciation) प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ सुस्कर विपुल विलासराव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अविनाश कुमार आनंद सहित सम्बंधित कर्मचारी उपस्थित रहे ।
मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके समर्पण एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की गई। यह पहल टिकट चेकिंग स्टाफ के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आगामी महीनों में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। टिकट चेकिंग कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रभावी टिकट जांच कार्य से न केवल रेल राजस्व में वृद्धि होती है, बल्कि यात्रियों को उचित टिकट के साथ यात्रा करने के लिए भी प्रोत्साहन मिलता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने से अन्य कर्मचारियों में भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं बेहतर प्रदर्शन की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
अगस्त 2026 माह में रायपुर रेल मंडल के स्टेशन टिकट चेकिंग, लाइन टिकट चेकिंग एवं स्क्वाड चेकिंग श्रेणियों के अंतर्गत सर्वाधिक टिकट चेकिंग आय अर्जित करने वाले कुल 09 टिकट चेकिंग स्टाफ को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
टिकट चेकिंग लाइन स्टाफ में सर्वाधिक आय अर्जित करने के लिए- श्री देवरत मल, सीटीआई/ रायपुर, श्री बी. एल. कैवर्त्य, डिप्टी सीटीआई/ रायपुर, श्री नीरज कांत, सीनियर टीई/ दुर्ग, सम्मानित हुए।
स्टेशन टिकट चेकिंग में सर्वाधिक आय अर्जित करने के लिए – श्री अमित आनंद, सीसीटीसी/ रायपुर, श्री नंदकिशोर, सीसीटीसी/ दुर्ग, श्री शशि कुमार सीनियर टीई/ रायपुर सम्मानित हुए।
रायपुर एवं दुर्ग स्क्वाड में सर्वाधिक आय अर्जित करने के लिए – श्रीमती शिप्रा घोष, डिप्टी सीटीआई/दुर्ग, श्रीमती मनजीत कौर, सीनियर टीई/ दुर्ग, श्रीमती इंदु गुप्ता, सीनियर टीई/ दुर्ग सम्मानित हुए।
रायपुर रेल मंडल द्वारा टिकट चेकिंग कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने तथा रेल राजस्व में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल प्रशासन ने सभी टिकट चेकिंग कर्मचारियों से इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए आने वाले महीनों में और बेहतर परिणाम प्राप्त करने का आह्वान किया है।











