70 सीटों पर 253 प्रत्याशी करोड़पति, लिस्ट में इस पार्टी के उम्मीदवार सबसे ज्यादा, देखें आंकड़े

रायपुर. छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण की 70 विधानसभा सीटों में प्रत्याशियों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। इन 70 विधानसभा सीटों पर 253 करोड़पति प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। इसमें कांग्रेस के 60 प्रत्याशी शामिल हैं, जो कि 86 फीसदी है। भाजपा के 57 प्रत्याशी करोड़पति है, जो कि 81 फीसदी है। इसके अलावा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के 62 में से 26 और आम आदमी पार्टी के 44 में से 19 उम्मीदवार करोड़पति है। यह जानकारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक्स रिफॉर्म्स (एडीआर) ने अपनी रिपोर्ट में जारी की है। इस रिपोर्ट में यह भी लिखा है कि उम्मीदवारों की संपत्तियों से यह बात स्पष्ट होती है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दल धनी उम्मीदवारों को टिकट देने में ज्यादा रुचि रखते हैं।
डॉक्टर से लेकर साक्षर तक
70 विधानसभा सीटों में डॉक्टर से लेकर सिर्फ साक्षर उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में है। इसमें सबसे खास बात यह है कि तीन उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता की जानकारी ही नहीं दी है। 499 (52 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता 5वीं और 12वीं के बीच घोषित की है। जबकि 405 (42 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता स्नातक और इससे ज्यादा घोषित की है। 21 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता डिप्लोमा धारक घोषित की है। 19 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता साक्षर और 6 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता असाक्षर घोषित की है।
अपराध में भी पीछे नहीं प्रत्याशी
दूसरे चरण की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 953 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इनमें से 100 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इनमें 56 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इसमें कांग्रेस के उम्मीदवारों पर सबसे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरे चरण के चुनाव में कांग्रेस में 13, भाजपा में 12, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में 11 और आम आदमी पार्टी के 12 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। वहीं गंभीर आपराधिक मामले में कांग्रेस में सात, भाजपा में चार, जकांछ 4 और आम आदमी पार्टी के छह प्रत्याशी शामिल हैं।
आठ करोड़ तक की देनदारी
शपथ पत्र में 428 उम्मीदवारों ने अपनी देनदारी घोषित की है। इसमें उम्मीदवारों पर 8 करोड़ से अधिक की देनदारी है। रामानुजगंज से डॉ. अजय कुमारी तिर्की चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 21 करोड़ 97 लाख 53 हजार 524 है। इसके बावजूद उन पर 8 करोड़ 25 लाख रुपए की देनदारी है। देनदारी के मामले में दूसरे नंबर पर रायगढ़ के शंकरलाल अग्रवाल हैं। उनकी संपत्ति 14 करोड़ से अधिक है। उन पर 7 करोड़ 94 लाख से अधिक की देनदारी है। तीसरे नम्बर पर भाजपा प्रत्याशी श्याम बिहारी जायसवाल का है। वे मनेन्द्रगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 12 करोड़ 09 लाख से अधिक है। जबकि उन पर 5 करोड़ से अधिक की देनदारी है।
देखें ये आंकड़ें
100 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले, 56 के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज
छह प्रत्याशी साक्षर भी नहीं, 52% उम्मीदवार 5वीं से 12वीं पास
उम्मीदवारों की संख्या
संपत्ति उम्मीदवारों की संख्या
2 करोड़ से 5 करोड़ — 87
5 करोड़ से अधिक — 74
50 लाख से 2 करोड़ — 212
10 लाख से 50 लाख — 211
शून्य से 10 लाख — 369











