Advertisement Here

Congress ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग समेत चार बड़े नेता कांग्रेस में शामिल 

ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को आज तब एक बड़ी सफलता मिली जब ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग समेत चार बड़े नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नौ बार के लोकसभा सांसद गिरिधर गमांग के अलावा पूर्व सांसद हेमा गमांग, पूर्व सांसद संजय भोई और पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र शिशिर गमांग भी कांग्रेस में शामिल हुए। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन और ओडिशा कांग्रेस प्रभारी व पूर्व सांसद डॉ. अजॉय कुमार की मौजूदगी में चारों नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। 

इस दौरान पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा क‍ि इन सभी नेताओं का ओडिशा के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहा है। इन नेताओं के आने से कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती मिलेगी। इससे कांग्रेस ओडिशा और देश में भी मजबूत होगी, राहुल गांधी की न्याय की लड़ाई में बल मिलेगा। 

वहीं डॉ.अजॉय कुमार ने कहा कि आज एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। क्योंकि आज ओडिशा के चार बड़े लोकप्रिय नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। वह गिरिधर गमांग जी को धन्यवाद देते हैं। जो ना केवल आदिवासी समाज, बल्कि ओडिशा के हर समुदाय में भी लोकप्रिय हैं। उन्होंने हेमा गमांग, संजय भोई और शिशिर गमांग का भी पार्टी में स्वागत किया। 

पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग ने कहा कि देश में कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो सिद्धांतवादी राजनीति करती है। कांग्रेस ने उन्हें 11 बार टिकट दिया, जो कोई पार्टी नहीं कर सकती है। वह मुख्यमंत्री के अलावा नौ बार सांसद और 11 साल केंद्र में मंत्री रहे हैं। वह दूसरे दल में रहे, लेकिन सम्मान केवल कांग्रेस ही दे सकती है। राहुल गांधी जी ने जो कदम उठाया है, वह राजनीतिक नहीं बल्कि संवैधानिक है। हम सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button