Advertisement Here

कांग्रेस आज जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली सूची! रेस में ये नाम आगे, देखकर लगेगा झटका

CG Lok Sabha Chunav 2024: भाजपा की तरह इस बार भी कांग्रेस टिकट वितरण का फार्मूला में बदलाव करने जा रही है। लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन में नए और अनुभवी चेहरों का समावेश देखने को मिल सकता है। कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री समेत पिछली कैबिनेट के कई चेहरों को मैदान में उतारने की तैयारी में हैं। इसमें भूपेश बघेल के अलावा पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, ताम्रध्वज साहू, डॉ. शिवकुमार डहरिया, अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के नाम रेस में आगे चल रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस में लोकसभा चुनाव को लेकर नामों को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। कुछ लोकसभा सीटों पर एक नाम तय है, तो कुछ सीटों पर बकायदा पैनल बनाया गया है।

विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने युवा सचिन पायलट पर भरोसा जताते हुए छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया है। वे जब छत्तीसगढ़ के दौरे पर आए, तो युवाओं को ज्यादा मौका देने की बात कहीं। इसके बाद चुनावी तैयारियों को लेकर हुई बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए दिग्गजों को चुनाव लड़ाने का सुझाव सामने आया। माना जा रहा है कि पार्टी इस सुझाव पर अमल करने जा रही है। यही वजह है कि पैनल में दिग्गजों के नाम भी भेजे गए हैं। कई वरिष्ठ नेताओं ने अभी से चुनाव लड़ने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

भूपेश और सिंहदेव कर चुके हैं इनकार

कांग्रेस की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव का नाम प्रमुखता से सामने आया था। भूपेश को राजनांदगांव और सिंहदेव को बिलासपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने की बात हुई थीं। हालांकि दोनों वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। सिंहदेव का कहना था कि वो व्यक्तिगत कारणों से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। वहीं भूपेश बघेल का कहना था कि वो चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। उनकी मंशा है कि वे प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करें।

कल आ सकती है पहली सूची

भाजपा की सूची जारी होने के बाद कांग्रेस में भी सूची जारी करने के लिए दवाब बढ़ गया है। बताया जाता है कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 4 या 5 मार्च को दिल्ली में होगी। माना जा रहा है कि इसमें सभी 11 की 11 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान हो जाएगा। कांग्रेस नहीं चाहती है कि विधानसभा चुनाव की तरह प्रत्याशी घोषित होने में देरी हो और इसका नुकसान पार्टी और प्रत्याशी को उठाना पड़े।

इन नामों पर हो रहा मंथन

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनांदगांव से चुनाव लड़ाने की चर्चा है। यहां छन्नी साहू, जितेन्द्र मुदलियार भी दावेदार है।

पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू का नाम दुर्ग से चर्चा में है। यहां से राजेन्द्र साहू और प्रतिमा चंद्राकर का भी नाम चल रहा है।

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम का नाम सरगुजा से सामने आ रहा है।

पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया व उनकी पत्नी का नाम जांजगीर-चांपा से चल रहा है। यहां से पीआर खूंटे, महेन्द्र पाटिल के नामों की चर्चा है।

पूर्व मंत्री मोहन मरकाम का नाम कांकेर लोकसभा से चल रहा है। यहां से बीरेश ठाकुर, नितिन पोटाई और राजकुमारी दीवान के नामों पर भी चर्चा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को बस्तर से दोबारा टिकट मिल सकती है। यहां से हरीश लखमा का नाम भी चर्चा में है।

कोरबा लोकसभा से भी सांसद ज्योत्सना महंत को दोबारा टिकट मिलने की उम्मीद है।

बिलासपुर लोकसभा सीट से शैलेश पाण्डेय व राजेन्द्र शुक्ला के नामों की चर्चा है।

महासमुंद लोकसभा सीट से अमरजीत चावला, चंद्रशेखर शुक्ला व विनोद चंद्राकर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।

रायपुर लोकसभा क्षेत्र से विकास उपाध्याय, सुशील आनंद शुक्ला व डॉ. राकेश गुप्ता के नामों की चर्चा है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button