मंत्रिमंडल विस्तार पर बड़ा अपडेट: मुख्यमंत्री साय के बयान पर भूपेश बघेल ने कही ये बड़ी बात

प्रदेश के साय सरकार में दो मंत्रियों के पद खाली हैं। लोकसभा चुनाव संपन्न होने और बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद रिक्त हुए मंत्री पद के बाद से सियासी गलियारों में लगातार चर्चा हो रही है। अब तो इस मामले में कांग्रेस भी बोलने लगी है। वहीं, मुख्यमंत्री कह रहे हैं, जल्द होगा। इंतजार कीजिए।

कांग्रेस को चिंता करने की जरूरत नहीं

दिल्ली से लौटने के बाद एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, मंत्रियों के दो रिक्त शीघ्र भरे जाएंगे। सही समय का इंतजार करिए, जल्द घोषणा की जाएगी। कांग्रेस को चिंता करने की जरूरत नहीं है। साथ ही, उन्होंने दिल्ली दौरे को लेकर कहा, संगठन के बड़े नेताओं के साथ बैठक हुई।

एक प्रकार से परिचयात्मक बैठक थीं। बता दें कि दिल्ली में बैठक के बाद यह माना जा रहा है कि साय कैबिनेट में किसे शामिल करना है तय कर लिया गया है। ऐलान होना बाकी है। दिल्ली में हुई मीटिंग में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ मुलाकात की है। प्रदेश के भाजपा सांसद भी इस मीटिंग में थे।

प्रदेश को नुकसान

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, साय सरकार में रिक्त दो मंत्री पद को शीघ्र भरा जाना चाहिए। मंत्री पद रिक्त रहने से छत्तीसगढ़ को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा, विधानसभा का सत्र आहुत किया जा चुका है। संसदीय कार्यमंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में संसदीय कार्यमंत्री का होना विधानसभा में आवश्यक हो जाता है। हालांकि, मंत्रिमंडल गठन करने का अधिकार मुख्यमंत्री का होता है। लेकिन, अभी तक फ़ैसला नहीं हो पाया है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button