Advertisement Here

Mahtari Vandan Yojana: इस जिले की 5 हजार महिलाओं के खाते में नहीं आई राशि, जानिए ये बड़ी वजह

महतारी वंदन योजना के तहत पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल धमतरी जिले के करीब 5 हजार महिलाओं के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं हो रही है। वहीं अब इसकी वजह सामने आई। जिसकी जानकारी अब विभाग की ओर से महिलाओं को मैसेज के जरिए दे रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बैंक में डीबीटी अपडेट नहीं होने से संबंधित करीब 350 शिकायतें मिली है।

योजना को लेकर उठा रहे थे सवाल

इसके अलावा कई लोगों ने बैंक खाते में केवायसी अपडेट नहीं कराया है। यही वजह है कि उनके खाते में राशि ट्रांसफर नहीं हो रही है। पूर्व में मैसेज या किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं मिलने से जिन महिलाओं के खाते में राशि नहीं आई, वे योजना को लेकर सवाल उठा रहे थे। धमतरी जिले में पिछले 6 महीने में करीब 5 हजार महिलाओं के खाते में राशि नहीं आई थी।

इस समस्या से महिला एवं बाल विकास विभाग के उच्चाधिकारियों को भी ध्यानाकर्षण कराया था। जब अधिकारियों ने इसकी जानकारी ली, तो पता चला कि कई महिलाओं के खाते में डीबीटी ही अपडेट नहीं थे।

पश्चात अब ऐसे लोगों के पंजीकृत मोबाइल नंबर में मैसेज भेजकर उन्हें राशि नहीं आने का वास्तविक कारण बता रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार महतारी वंदन योजना धमतरी जिले में 5 मार्च 2024 से शुरू हुई। इस योजना के तहत कुल 2 लाख 36 हजार 719 महिलाओं ने आवेदन जमा किया, जिसमें से 563 अपात्र पाए गए।

इस वजह से खाते में नहीं आ रही राशि

जबकि सत्यापन में 2 लाख 35 हजार 507 महिलाएं पात्र पाई गईं। वर्तमान में प्रत्येक महीने पात्रों की संख्या बदल रही है। इसका कारण खाता से आधर लिंक नहीं होेना तथा अन्य तकनीकी कारण को बताया जा रहा है। इधर मोबाइल में मैसेज प्राप्त होते ही बैंकों में डीबीटी कराने, बैंक में केवायसी अपडेट कराने के लिए महिलाओं की भीड़ लग रही है।

डीबीटी अपडेट होते ही खाते में आई राशि

हितग्राही गौरी साहू, अन्नापूर्ण देवांगन, कौशिल्या अडिल ने बताया कि जुलाई माह की 1000 रूपए की राशि अगस्त में प्रदेश सरकार द्वारा खाते में डीबीटी की गई थी, लेकिन राशि नहीं मिली। बैंकर्स भी कुछ नहीं बता पा रहे थे। बाद में खाते में राशि क्यों नहीं आ रही, इसकी जानकारी मैसेज द्वारा प्राप्त हुई। बैंक में जाकर डीबीटी अपडेट कराने के बाद सितंबर माह में उनके खाते में राशि आई।

विभाग ने की ये अपील

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी महेश मरकाम ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्रता रखने वाली महिलाओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से सरकार द्वारा उनके खाते में राशि ट्रांसफर की जाती है। यदि किसी प्रकार की कोई परेशानी आ रही है तो वे महतारी वंदन योजना की वेबसाइट में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही बैंक में जाकर डीबीटी अपडेट की जानकारी लेने की अपील की जा रही है। सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ मिल रहा है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button