LPG Price Hike: रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा, दो साल बाद बढ़ाए गए दाम

नई दिल्ली. महंगाई के मोर्चे पर आम जनता को सोमवार को झटका लगा। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया है। उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सिलेंडर पर भी इतनी ही बढ़ोतरी की गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को वितरण कंपनियों की ओर से कीमत में बढ़ोतरी का ऐलान किया। नई कीमतें सोमवार आधी रात से लागू हो गईं। सामान्य उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 803 रुपए से बढ़कर 853 रुपए, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 503 रुपए से बढ़कर 553 रुपए हो गई।

सरकार ने एक साल बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव किया है। आखिरी बार 9 मार्च, 2024 को बदलाव किया गया था। तब कीमत में 100 रुपए की कटौती की गई थी। इससे पहले 2023 में दाम 50 रुपए बढ़ाए गए थे। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि गैस की कीमतों की हर 15 दिन में समीक्षा की जाएगी। अगर दुनिया में तेल और गैस के दाम बढ़ेंगे या घटेंगे तो उसका असर हमारे देश में भी दिखेगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को पेट्रोल और डीजल पर जो एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है, उसका बोझ आम लोगों पर नहीं डाला जाएगा। पुरी ने कहा कि हमारा पेट्रोलियम सेक्टर अब डीरेगुलेटेड है। यानी कीमतें बाजार के हिसाब से तय होती हैं।

पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाया, जनता पर बोझ नहीं

सरकार ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में भी 2-2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। राहत की बात है कि इस बढ़ोतरी से आम जनता पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। यह फैसला वैश्विक तेल कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव और ट्रंप प्रशासन के जवाबी टैरिफ के ऐलान के बीच किया गया है। आधिकारिक आदेश में कहा गया कि पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क अब 13 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है।

कहां कितने का शहर पहले अब

रायपुर 875 925

नई दिल्ली 803 853

कोलकाता 829 879

मुंबई 802.5 852.5

चंडीगढ़ 812.5 862

(राशि रुपए में)

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button