दो पहिया वाहन चालक ध्यान दें.. 1 सितंबर से बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल

दो पहिया वाहन चालकों की एक सितंबर से परेशानी बढ़ने वाली है। दरसअल एक बार फिर से नो हेलमेट नो पेट्रोल का अभियान की शुरूआत होने वाली है। इसे लेकर पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि जब भी पेट्रोल लेने आए हेलमेट जरूर लगाए, नहीं तो पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री से की मुलाकात

पेट्रोल पंप एसोसिएशन की ओर से आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए नो हेलमेट नो पेट्रोल अभियान की शुरुआत जिले में की जाएगी। इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें एसोसिएशन ने तय किया है कि 1 सितंबर से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत हेलमेट पहनकर आने वाले दो-पहिया वाहन चालकों को ही पंप से पेट्रोल दिया जाएगा।

बिना हेलमेट कई लोगों की मौत

धगट ने कहा कि रायपुर में पिछले कई दिनों से सड़क दुर्घटनाओं में लोगों के गंभीर रूप से घायल और कुछ मामलों में मौत की अत्यंत दुखद खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं में गौर करने लायक बात है कि अधिकतर दो-पहिया वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण दुर्घटना होने पर उन्हें सर में चोट लगी।

धगट ने कहा कि इसे देखते हुए एसोसिएशन की बैठक में सामाजिक हित में “नो हेलमेट नो पेट्रोल” अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। आगामी 1 सितम्बर से यह अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को ही पंप पर पेट्रोल दिया जाएगा। धगट ने जनहितकारी इस सामाजिक कार्य में शासन-प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button