CG News: दक्षिण कोरिया में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर, ईवी चार्जिंग मैन्युफैक्चरिंग निवेश पर जोर

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दक्षिण कोरिया प्रवास के आखिरी दिन छत्तीसगढ़ में ईवी चार्जिंग मैन्युफैक्चरिंग और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया। उन्होंने ग्रीन मोबिलिटी सॉल्यूशंस की अग्रणी कंपनी मॉर्डन टेक कॉर्पोरेशन और रेल रखरखाव व समाधानों की प्रमुख कोरियाई कंपनी यूनिकोरेल को छत्तीसगढ़ में निवेश और सहयोग के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार की प्राथमिकता स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना, सतत परिवहन अधोसंरचना का निर्माण करना और रेलवे नेटवर्क को मज़बूत बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन दोनों कंपनियों के साथ साझेदारी से छत्तीसगढ़ की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा और लॉजिस्टिक्स बैकबोन को नई गति मिलेगी।

सीएम ने मॉर्डन टेक कॉर्पोरेशन को प्रदेश में अत्याधुनिक ईवी चार्जिंग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा, प्रदेश में इसकी स्थापना से न केवल स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को बल मिलेगा, बल्कि प्रदेश की जनता को बेहतर और आधुनिक परिवहन अवसंरचना भी उपलब्ध होगी।

सीएम ने यूनिकोरेल के सीईओ डोंग पिल पार्क से मुलाकात की। यह कंपनी कोरिया की अग्रणी रेल मेंटेनेंस समाधान प्रदाता है। बैठक स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग, तकनीकी हस्तांतरण और रेलवे अधोसंरचना विकास में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

साझेदारी से यह होगा लाभ

दोनों कंपनियों की साझेदारी से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर घटक निर्माण इकाइयों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक उभरते हुए राष्ट्रीय हब के रूप में स्थापित होगा। वहीं राज्य में रेलवे नेटवर्क को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। इससे औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी। आम जनता को भी सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

भाजपाई करेंगे भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री विदेश प्रवास से आज रायपुर लौटेंगे। वे शनिवार सुबह 11.30 बजे दिल्ली से रायपुर के लिए रवाना होंगे। यहां वे दोपहर 2.40 बजे पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button