बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं की लगी ड्यूटी, मंत्रियों- विधायकों को भी दी जाएगी जिम्मेदारी
बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जो चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हुए हैं..

बिहार में विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। भाजपा ने बिहार चुनाव में प्रचार-प्रसार और रणनीति बनाने के लिए प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं की भी ड्यूटी लगाई है, जो बिहार में चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। आईटी सेल के पदाधिकारी केंद्रीय टीम के साथ मिलाकर सोशल मीडिया- पोस्टर वार की रणनीति बनाने में जुटे हैं।
नेताओं को मिली ये जिम्मेदारी
जानकारी के अनुसार, भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जवाल और आईटी सेल के प्रमुख एवं सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक हस्के को बिहार चुनाव में ड्यूटी लगाई है। जानकारी के अनुसार दीपक हस्के भाजपा के केंद्रीय आईटी सेल की टीम के साथ मिलकर वहां की सियासत के हिसाब से पोस्टर, मीस और नारे बनवाकर सोशल मीडिया पर जमकर प्रचार-प्रसार करवा रहे हैं। इसी तरह क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जवाल चुनावी रणनीति बनाकर संगठन स्तर पर लागू करवा रहे हैं। साथ ही वहां की सियासत के हिसाब से रोज नई-नई रणनीति बनाकर विपक्षी पार्टियों को पटखनी भी देने का काम कर रहे हैं।
महिला मोर्चा की टीम भी गई बिहार
जानकारी के अनुसार भाजपा महिला मोर्चा टीम भी बिहार में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए गई। टीम ने सीतामढ़ी सहित अन्य जगहों पर प्रचार-प्रसार किया। बताया जाता है कि आने वाले दिनों में अन्य मोर्चा के पदाधिकारियों को भी भेजा जाएगा।
मंत्रियों- विधायकों की भी लगेगी ड्यूटी
बताया जाता है कि चुनाव प्रचार के प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। स्टार प्रचारकों की सूची में भी छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया जाएगा। ओडिशा और झारखंड के चुनाव में छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नेताओं की बड़ी संया में ड्यूटी लगाई गई थी।











