राधाकृष्णन बने देश के 15वें उपराष्ट्रपति, 25 वोट ज्यादा मिले, 12 को ले सकते हैं शपथ

नई दिल्ली. भाजपानीत एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन देश के 15 वें उपराष्ट्रपति होंगे। उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में मंगलवार को राधाकृष्णन 152 वोट के अंतर से निर्वाचित घोषित हुए हैं। उन्होंने इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी को पराजित किया है। खास बात रही कि राधाकृष्णन को एनडीए के 427 वोटों के मुकाबले 25 वोट अधिक मिले।

एनडीए को जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस के घोषित समर्थन के अलावा 14 अन्य सांसदों का भी साथ मिला जो गठबंधन में शामिल नहीं थे। राधाकृष्णन 12 सितंबर को पद की शपथ ले सकते हैं। उपराष्ट्रपति पद के लिए राधाकृष्णन और रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला रहा। इसके लिए कुल 781 सांसदों को वोट करना था, जिसमें से १४ वोटिंग में शामिल नहीं हुए।

ऐसे में 767 सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद शाम छह बजे बाद मतगणना शुरू हुई। रात करीब साढ़े सात बजे मतगणना समाप्त होने के बाद राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने चुनाव नतीजा घोषित किया। उन्होंने बताया कि राधाकृष्णन को 452 और रेड्डी को 300 वोट मिले हैं। इसके अलावा 15 वोट निरस्त हुए हैं। यह सभी निरस्त वोट इंडिया ब्लॉक के बताए जा रहे हैं। क्योंकि इंडिया ब्लॉक के सभी 315 सांसदों ने वोट किया था, जिनमें से रेड्डी को 300 वोट मिले हैं।

एनडीए को मिले 25 वोट अधिक

एनडीए के पास खुद के 427 सांसद समर्थन में थे। यह सभी वोट एनडीए को मिले। इसके अलावा वायएसआर कांग्रेस के 11 व अन्य दलों व निर्दलीयों के 14 सांसदों ने एनडीए को वोट किया है।

मतदान के लिए दी गई विशेष कलम

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सांसदों को विशेष कलम दी गई। इसी कलम से मतदान करते समय सांसदों ने क्रमवार अपनी पसंद के उम्मीदवार का नाम लिखा। राज्यसभा सचिवालय ने हिदायत दी थी कि दूसरी कलम का इस्तेमाल करने पर वोट अवैध हो सकता है।

पीएम ने डाला पहला वोट

पीएम नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले 10 बजे वोट डाला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट किया।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button