खतरनाक ट्रेंड: AI से सुंदर तस्वीरों के नाम पर निजता का सौदा, बरतें ये सावधानी नहीं तो..

एआई से सुंदर तस्वीरें बनवाना नए खतरे लेकर आया है। गूगल के जैमिनी नैनो बनाना एआई फोटो एडिटिंग टूल के एआई साड़ी एडिट ट्रेंड के दौरान सामने आए इंस्टाग्राम यूजर झलक भवनानी के मामले ने साबित कर दिया कि टेक कंपनियां लोगों की निजता का सौदा कर रही हैं। कंपनियों के पास इतना निजी डेटा हैं कि वह जानती है कि डीप फेक में तिल कहां लगाना है? गूगल इस डेटा का उपयोग की यूजर्स से सहमति ले चुका है।

  1. पूरी बांह सूट, एआई तस्वीर में दिखा तिल

झलक भवनानी ने इंस्टाग्राम पर बताया कि उन्होंने एआई साड़ी ट्रेंड के लिए फोटो अपलोड की। अपलोड तस्वीर में उन्होंने पूरी आस्तीन का सूट पहना था, लेकिन एआई ने जो तस्वीर दी, जिसमें उनके कंधे पर तिल दिख रहा है। झलक पूछती हैं कि एआई को इसके बारे में कैसे पता? वे इस ट्रेंड से बचने की सलाह दे रही हैं।

  1. जग्गी वासुदेव के वीडियो से ठगी

बेंगलूरु में महिला को सोशल मीडिया पर धर्म गुरु जग्गी वासुदेव का वीडियो मिला, जिसमें वे एक फर्म में निवेश के लिए कह रहे थे। महिला ने निर्देशों का पालन किया और उनके अकाउंट से 3.75 करोड़ रुपए अन्य खातों में डाले गए। पता चला कि जग्गी वासुदेव का वीडियो डीप फेक व एआई तकनीक से बना था।

  1. अरिजीत की आवाज की कर दी वॉइस क्लोनिंग

एआइ प्लेटफॉर्म ने गायक अरिजीत सिंह की आवाज में गाने वॉइस क्लोनिंग के जरिए कन्वर्ट करने का विकल्प यूजर्स को दिया। इस डीप फेक तकनीक ने उनकी आवाज में कई नए-पुराने गाने बनाए और सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए। अरिजीत ने इसके खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में केस किया। केस अभी चल रहा है, लेकिन अंतरिम राहत के तौर पर सोशल मीडिया से उनकी आवाज में अपलोड गाने हटाए गए।

कैसे संभव : एआइ के जरिए सभी जाने-माने लोगों की आवाज के मॉड्यूलेशन और उतार चढ़ाव की नकल करते हुए डीप फेक वॉइस क्लोनिंग की जा रही है। इनके जरिए पुराने गायकों की आवाज में नए गाने गवाने से लेकर साइबर अपराध तक अंजाम दिए जा रहे हैं।

ऐसे बरतें सावधानी

मेटाडेटा हटाएं: फोटो अपलोड करने से पहले मेटाडेटा (लोकेशन व डिवाइस डिटेल्स) रिमूव करें।

निजता नीति चेक करें: एप या प्लेटफॉर्म की डेटा यूज पॉलिसी पढ़ें। वह आपका डेटा एआई तकनीक की ट्रेनिंग में उपयोग कर रहा है तो कुछ अपलोड करने से बचें।

सेंसिटिव डेटा शेयर न करें: चेहरा, आवाज या पर्सनल वीडियो अनजान प्लेटफॉर्म्स या एप पर अपलोड न करें।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button