दूसरे देशों पर निर्भरता ही भारत की सबसे बड़ी दुश्मन, इसे हराना ही होगा: मोदी

भावनगर (गुजरात). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। हमारा कोई दुश्मन है तो वो दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता है। हमें मिलकर इस निर्भरता वाले दुश्मन को हराना ही होगा। हमें ये बात हमेशा दोहरानी है कि जितनी ज्यादा विदेशी निर्भरता, उतनी ज्यादा देश की विफलता। 140 करोड़ देशवासियों के भविष्य और देश के विकास के संकल्प को हम दूसरों की निर्भरता पर नहीं छोड़ सकते।

मोदी शनिवार को भावनगर के जवाहर मैदान में समुद्र से समृद्धि कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने पोर्ट-लेड डेवलपमेंट को गति देने के लिए 33,600 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि 100 दुखों की एक ही दवाई आत्मनिर्भर भारत है। हमें इसके लिए चुनौतियों से टकराना होगा। हमें याद रखना है कि हम जो भी खरीदें और बेचें, वह स्वदेशी हो। मोदी ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित होना तो आत्मनिर्भर होना ही होगा।

देशवासियों का एक ही संकल्प होना चाहिए कि चिप हो या शिप भारत में ही बनाने होंगे। मोदी ने देश में क्रूज टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए मुंबई में इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल का भी लोकार्पण किया।

कांग्रेस पर बोला जोरदार हमला

भावनगर में आयोजित सभा में मोदी ने कहा कि 50 साल पहले तक हम भारत में बने जहाजों का उपयोग करते थे। उस समय देश का 40% से अधिक इंपोर्ट-एक्सपोर्ट देश में ही बने जहाजों से होता था। इसके बाद देश का शिपिंग सेक्टर कांग्रेस की कुनीतियों का शिकार हो गया। 40% व्यापार का हिस्सा घटकर 5% रह गया। 95 फीसदी ट्रेड के लिए हम विदेशी जहाजों पर निर्भर हो गए।

अब भारत को दुनिया की एक बड़ी समुद्री शक्ति बनाने को तीन बड़ी योजनाओं पर सरकार काम कर रही है। इससे शिप बिल्डिंग सेक्टर को आर्थिक मदद मिलेगी। इस पर आने वाले वर्षों में 70,000 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। हम दुनिया में शिप बिल्डिंग के सबसे बड़े सेंटर हुआ करते थे। शिप-बिल्डिंग को पूरी दुनिया में मदर ऑफ ऑल इंडस्ट्रीज (उद्योगों की जननी) कहा जाता है।

मोदी ने धोलेरा एसआइआर का किया हवाई निरीक्षण

गुजरात के एक दिन के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अहमदाबाद जिले में स्थित धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (एसआइआर) का हवाई निरीक्षण किया। यहां पर न सिर्फ औद्योगिक निवेश के लिए विशेष क्षेत्र बनाए गए हैं, बल्कि यह देश की पहली योजनाबद्ध ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में भी विकसित हो रहा है। प्रधानमंत्री ने धोलेरा (एसआइआर) में अब तक हुए विकास कार्य और जारी विकास कार्यों की समीक्षा की।

यह भी अहम बातें

नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होने वाला है। इस बार जीएसटी में कमी से बाजारों में रौनक ज्यादा रहने वाली है।

आज से देश के हर बड़े पोर्ट को भांति-भांति के दस्तावेज और अलग-अलग प्रोसेसेज से मुक्ति मिलेगी।

वन नेशन-वन डॉक्यूमेंट, वन नेशन-वन पोर्ट प्रोसेस अब व्यापार-कारोबार को और सरल करेगा।

आज भारत हर साल करीब 75 बिलियन डॉलर विदेशी शिपिंग कंपनियों को शिपिंग सर्विसेस के लिए किराया देता है। भारत का जितना डिफेंस बजट है, करीब उतना पैसा किराए में दिया जा रहा है।

समुद्री रास्ते से होने वाले ट्रेड में भारत का हिस्सा सिर्फ 10त्न है। 2047 तक इसे तीन गुणा तक बढ़ाना चाहते हैं।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button