बड़ा खुलासा… पैरासिटामोल से ऑटिज्म के खतरे पर नजर, दुनियाभर में 2 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित

वाशिंगटन. अमरीका में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की सरकार गर्भावस्था में टाइलेनॉल (पैरासिटामोल) के अंधाधुंध इस्तेमाल से बच्चों में ऑटिज्म के जोखिम से जुड़ी घोषणा कर सकती है। हालांकि, अमरीकी चिकित्सा दिशानिर्देशों के अनुसार गर्भवती महिलाओं के लिए टाइलेनॉल सुरक्षित है। टाइलेनॉल अमरीका, कनाडा और कुछ अन्य देशों में बिकने वाली दर्द निवारक दवा का एक लोकप्रिय ब्रांड है। इसका सक्रिय घटक एसिटामिनोफेन है, जिसे भारत जैसे देशों में पैरासिटामोल भी कहा जाता है।
ट्रंप की योजना के अनुसार गर्भवती महिलाओं को केवल तेज बुखार के लिए टाइलेनॉल लेने की सलाह दी जाएगी, न कि सामान्य दर्द के लिए। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनियाभर में लगभग 2 करोड़ से अधिक लोग ऑटिज्म से प्रभावित हैं। अमरीका में 2020 तक 8 साल के बच्चों में ऑटिज्म की दर 2.77 फीसदी तक पहुंच गई। इस स्थिति को देखते हुए अमरीका ऑटिज्म डेटा साइंस इनिशिएटिव शुरू कर रहा है।

ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर तंत्रिका-विकास संबंधी विकार है, जिसमें सामाजिक संपर्क, संवाद और व्यवहार प्रभावित होते हैं। इसके लक्षण बच्चों और वयस्कों में अलग-अलग स्तर पर दिखाई देते हैं।
अभी तक नहीं मिला कोई ठोस प्रमाण…
2024 में स्वीडन में 20 लाख बच्चों पर हुई स्टडी में पाया गया कि गर्भावस्था में पैरासिटामॉल और ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। हालांकि, अमरीकी संघीय स्वास्थ्य अधिकारी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और माउंट सिनाई अस्पताल के शोधकर्ताओं द्वारा अगस्त में की गई समीक्षा का हवाला दे रहे हैं, इसमें ऐसे किसी जोखिम की ओर इशारा था।











