बाबा बागेश्वर बोले: हिंदुओं को गुलाम रहने की आदत, इसलिए जनजागरण कर रहे..

रायपुर. मैं हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान का पक्षधर हूं, किसी राजनीतिक दल का नहीं। हमेशा हिंदुओं को जगाने का काम कर रहा हूं, लेकिन हिंदुओं को गुलाम रहने की आदत है, इसलिए संगठित होने के लिए जनजागरण की जरूरत पड़ती है। यह खुशी की बात है कि भगवान राम का ननिहाल छत्तीसगढ़ अब दो बड़ी समस्याओं धर्मांतरण और नक्सलवाद से मुक्त होने जा रहा है। धर्मांतरण रोकने के लिए शासन से अनुमति मिलने पर जशपुर में पदयात्रा करेंगे और श्रीहनुमंत कथा भी सुनाएंगे। यह बातें रविवार को मीडिया से चर्चा करते हुए बागेश्वरधाम के पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहीं।

गोरक्षा और गोसेवा का प्रचार करने वालों के सवाल पर पं. शास्त्री ने कहा कि उनका सुझाव है कि राज्य सरकार तहसील स्तर पर गोधाम बनाए, जिससे 5-5 हजार गोमाता व गोवंश को रखा जा सके। इससे गायें सुरक्षित रहेंगी और सड़कों पर हादसों का शिकार नहीं होंगी। बुलडोजर राज के सवाल पर उन्होंने कहा, बुलडोजर से विचार और कानून कायम नहीं किया जा सकता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। उन्हें शुभकामनाएं। क्योंकि संघ ने विचारधाराओं को बचाने का काम किया है उनकी विचारधारा ने देश में नई क्रांति को खड़ा किया है।

विदेशी और नास्तिक ताकतों से खतरा

पं. शास्त्री ने कहा कि हिंदुओं को डराने, धमकाने और कमजोर करने की साजिशें विदेशी और नास्तिक ताकतें कर रही हैं। देश को हिंदु राष्ट्र घोषित करने के लिए वे नई दिल्ली से वृंदावन धाम तक 7 से 16 नवंबर तक पदयात्रा करने जा रहे हैं। इसके बाद फिर छत्तीसगढ़ आएंगे। यह भगवान राम, माता कौशल्या की धरा है, यहीं से भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा।

… तो आज और कल दिव्य दरबार

अगर हनुमानजी और गुरु की कृपा रही तो अवधपुरी मैदान कथा स्थल पर सोमवार और मंगलवार को दो दिन दिव्य दरबार लगाएंगे। दोपहर 12 से 2 बजे तक लोगों की अर्जी का समाधान करेंगे। इसके बाद 3 से 7 बजे तक श्रीहनुमंत कथा होगी। समाजसेवी बसंत अग्रवाल के आमंत्रण पर तीसरी बार पं. शास्त्री आए हैं।

दही हांडी उत्सव स्थल अवधपुरी मैदान गुढिय़ारी में श्रीमंत हनुमंत कथा के दूसरे दिन रविवार को बारिश के बीच कथा सुनने वाले श्रद्धालुओं में काफी उत्साह रहा। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वासना, ईर्ष्या की आंखों से हनुमान जी दिखाई नहीं देते, विचार बदलकर देखो हनुमान जी दिखने लग जाएंगे। कथा सुनने के लिए केंद्रीय मंत्री सहित अनेक नेता पहुंचे। इनमें केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, उपाध्यक्ष नंदन जैन शामिल हैं।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button