बदलेगा मौसम का मिजाज, आंधी के साथ बारिश के संकेत

दुर्ग सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मौसमी तंत्रों के प्रभाव से आने वाले दो-तीन दिनों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इसका असर अधिक रहने की संभावना है, जबकि दुर्ग जिले में भी मौसम में बदलाव महसूस होगा।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है, जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी ईरान के आसपास 5.8 से 7.6 किमी तक फैला हुआ है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक द्रोणिका और उड़ीसा के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन सभी सिस्टमों का संयुक्त प्रभाव प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार, 28 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा या छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना है। फिलहाल, दुर्ग में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। अगले चार दिनों में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरावट संभव है। इन दिनों दोपहर में तेज धूप और हल्की उमस बनी हुई है, जबकि शाम के समय मौसम थोड़ा राहत भरा महसूस हो रहा है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button