Chhattisgarh Weather Update: नौतपा में बदलेगा मौसम का मिजाज, 29-30 मई से बारिश के आसार, आंधी का अलर्ट

Chhattisgarh Weather Update: ब्रज योग में चंद्रप्रधान रोहिणी नक्षत्र में सूर्यदेव आज प्रवेश करेंगे। इसे नौतपा कहा जाता है। इस बार नौतपा में मौसम के तीन रंग देखने को मिलेंगे। शुरुआत के तीन दिन भीषण गर्मी पड़ेगी। इसके बाद हल्की राहत मिलेगी, फिर 29 और 30 मई से बारिश व बूंदाबांदी का दौर शुरू हो जाएगा। कुल मिलाकर इस बार नौतपा से पहले गर्मी ने हर वर्ग के लोगों को परेशान किया है, इसलिए लोगों को नवतपा में राहत मिलने की उम्मीद है।

अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस

इस बार नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने शहरवासियों को झुलसा दिया है। मई के दूसरे सप्ताह से शुरू हुई भीषण गर्मी मई के अंतिम सप्ताह तक जारी है। इस साल की तेज गर्मी ने लोगों को खासा परेशान किया है। इस दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया। वहीं अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 10 वर्षों में सबसे अधिक है। हालांकि बीच-बीच में कुछ सिस्टम सक्रिय होने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन वह नाकाफी रही। इस बार आए तूफान भी गर्मी से राहत नहीं दिला सके।

वर्तमान में उत्तर-पश्चिम से आने वाली शुष्क और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान बढ़ा हुआ है। पिछले एक सप्ताह से तापमान लगातार सीजन के उच्च स्तर पर बना हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री रहा।

29 और 30 मई से बूंदाबांदी व बारिश का दौर शुरू

मौसम विभाग के अनुसार, नौतपा 25 मई से शुरू हो रहा है। इस बार नौतपा ज्यादा नहीं तपेगा। शुरुआती तीन दिनों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ेगा। इसके बाद 27 मई की शाम से तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिलेगी।

फिर 29 और 30 मई से बूंदाबांदी व बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। अंतिम चार दिनों में बदली छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन शुरुआती बारिश के कारण उमस लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त, बुखार और घबराहट के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

ऐसे लगता है नौतपा

जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में 15 दिनों के लिए प्रवेश करता है, तब उसके शुरुआती 9 दिन सबसे अधिक गर्म माने जाते हैं। इन्हें ही नौतपा कहा जाता है। मान्यता है कि यदि नौतपा के दौरान बारिश न हो और ठंडी हवा न चले, तो आने वाले समय में अच्छी बारिश होती है। वहीं, नौतपा के दौरान बारिश होने को इसके खंडित होने से भी जोड़ा जाता है। लोकमान्यता है कि जितनी अधिक तपन होगी, उतनी अच्छी बारिश होगी। हालांकि मौसम विभाग इन मान्यताओं को वैज्ञानिक आधार नहीं मानता।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

एचपी चंद्रा का कहना है कि नवतपा के शुरुआती तीन दिनों में तेज गर्मी पड़ेगी। इसके बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। आगे चलकर बादल, बारिश और आंधी की स्थिति बनेगी। फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि पूरे नौतपा के दौरान लोगों को धीरे-धीरे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button