छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का अलर्ट, अगले 48 घंटे में बढ़ेगा पारा

छत्तीसगढ़ में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। वहीं अभी पारा कम होने वाला नहीं है। अगले 48 घंटे में पारा 1 से 2 डिग्री बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। बता दें कि शनिवार को एक बार फिर राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा है।
दो दिन और ज्यादा कठिन
गर्मी के तीखे तेवर ने प्रदेश को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में हालात और ज्यादा कठिन हो सकते हैं। जारी चेतावनी के मुताबिक मध्य प्रदेश में 25 से 27 अप्रैल के बीच ग्रीष्म लहर चलने के आसार हैं। साथ ही अगले 48 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।
अंबिकापुर ठंडा
शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, आज भी पारा 44 डिग्री के पार चला गया। जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे दिन के तापमान में तेज वृद्धि और लू की स्थिति बनने की संभावना है। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में दो चरणों में ग्रीष्म लहर चल सकती है।











