‘घुसपैठिए अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें…’, बंगाल में पीएम मोदी बोले- ममता सरकार के 15 सालों का होगा पूरा हिसाब

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार तेज हो रहा है. इस बीच आज यानी कि 11 अप्रैल को पीएम मोदी भी बंगाल में हैं. उनकी पुरवा वर्धमान जिले के कटवा में चुनावी रैली आयोजित की गई है. इस सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल अब परिवर्तन के लिए तैयार हो चुका है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल को एक और बड़ी चुनौती से मुक्ति दिलाएगी. जो भारत में घुसपैठ करके आया है, उसको भारत से खदेड़ा जाएगा.
पीएम मोदी ने कहा कि मैं हर घुसपैठिए से कहूंगा… वो अपना बोरिया-बिस्तर बांध ले. इतना ही नहीं, जिन्होंने घुसपैठ कराई, नकली कागज बनाए, यहां सरकारी योजनाओं से उनको जोड़ा है. उन सबका भी हिसाब होगा.
पीएम ने कहा कि बर्धमान में हजारों-हजार लोगों का ये रैला, बंगाल में खेला करने वाला है. ये दृश्य 4 मई के नतीजे का ट्रेलर है. मैं देख रहा हूं, इस चुनाव में आपका उमंग, उत्साह, आपकी ऊर्जा, संकल्प… ये भय पर भरोसे की विजय का उद्घोष है. बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार है.

सरकार के भय को हटाकर भरोसे में बदलने की गारंटी
प्रधानमंत्री ने कहा कि असम, केरल और पुडुचेरी में वोट पड़ चुके हैं. वहां भारी मतदान हुआ है. बहुत बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए निकले हैं. महिलाओं ने बड़ी संख्या में वोट डाला है. मैं चुनाव आयोग को बधाई देता हूं, बिना किसी घटना के तीनों राज्यों में मतदान हुआ है. कुछ दिन पहले हमने बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा में देखा है. जहां भी भारी मतदान हुआ है और महिलाएं वोट डालने निकली हैं, वहां भाजपा-एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है.
भाजपा ने संकल्प लिया है कि वो बंगाल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाएगी. कल ही बंगाल भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी किया है. इसमें मैंने जो आपको 6 गारंटियां दी हैं, उन्हें लागू करने का रोडमैप है। मैं बंगाल भाजपा के सभी साथियों को इस शानदार घोषणापत्र के लिए बधाई देता हूं. मोदी की गारंटी, टीएमसी की निर्मम सरकार के भय को हटाकर भरोसे में बदलने की है. ये गारंटी पूरी कैसे होगी… यह पूरा खाका भाजपा के घोषणापत्र में है.
आलू किसानों को टीएमसी ने बर्बाद किया- पीएम
टीएमसी के 15 साल के राज ने बंगाल के हर नागरिक, हर परिवार को सिर्फ और सिर्फ भय दिया है. ये चुनाव इसी भय को मिटाने का चुनाव है। टीएमसी के भय से मुक्त और भाजपा के भरोसे से युक्त बंगाल… हमें बनाकर रहना है. यही विकसित बंगाल की तरफ हमारा पहला कदम होगा.
उन्होंने कहा कि टीएमसी के धोखे ने आलू किसानों को बर्बाद कर दिया है. एमएसपी पर आलू खरीद का वादा किया था, लेकिन आज किसान का आलू सड़ रहा है. हर किसान का यही हाल है. बंगाल भाजपा ने किसानों के लिए अनेक बड़ी घोषणाएं की हैं. बंगाल के किसानों को डबल इंजन सरकार का डबल बेनिफिट मिलेगा. बंगाल के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि ₹9,000 मिलेगी — ₹6,000 केंद्र के और ₹3,000 बंगाल की भाजपा सरकार देगी.
टीएमसी पैनिक मूड में- मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के प्रति बंगाल की जनता का प्रेम देखकर टीएमसी पैनिक मूड में आ गई है. इसलिए टीएमसी आपसे झूठ बोल रही है. टीएमसी कह रही है कि भाजपा आएगी तो ये योजना बंद हो जाएगी, वो योजना बंद हो जाएगी. सच तो ये है कि भाजपा कुछ भी बंद नहीं करेगी… भाजपा सिर्फ भ्रष्टाचार की दुकान बंद करेगी, इनकी (टीएमसी) लूट बंद करेगी.
उन्होंने कहा कि भाजपा यहां ऐसे उद्योग लगाएगी, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिल सके. साथ ही बंगाल भाजपा ने बेरोजगार युवाओं के लिए मदद की घोषणा की है. जो युवा टीएमसी की दुर्नीति के कारण सरकारी भर्ती के लिए ओवरएज हो गए, उन्हें छूट देने का भी ऐलान किया गया है, सरकारी विभागों में जो खाली पद पड़े हैं, उन्हें तेजी से भरा जाएगा. बाकी राज्यों की तरह बंगाल में भी रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे. मैं आपको गारंटी देता हूं, पश्चिम बंगाल के सभी स्थायी सरकारी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग का पूरा लाभ मिलकर रहेगा.
शरणार्थी परिवारों को पीएम की गारंटी
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं बंगाल के मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थी परिवारों को भी एक गारंटी देने आया हूं. हमारे मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थी परिवार… यहां TMC के किसी नेता की कृपा से नहीं हैं. आप यहां भारत के संविधान के संरक्षण में हैं. मोदी ने CAA का कानून बनाया ताकि मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थियों को संविधान की गारंटी मिले. यहां भाजपा सरकार बनते ही शरणार्थी परिवारजनों को CAA के तहत नागरिकता देने का काम और तेज किया जाएगा.











