जनगणना कार्य में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही बना नंबर-1 जिला, प्रदेश में अब तक 60.73% कार्य पूर्ण

Chhattisgarh Census 2027: भारत की जनगणना 2027 अंतर्गत जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही ने इतिहास रचा है। जिले में जारी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में कर्मचारियों ने कम समय में ही 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर नंबर 1 जिला बना है। जारी समय सारणी के अनुसार जनगणना कार्य 1 से 30 मई तक की अवधि में पूरा किया जाना था। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को गुणवत्तापूर्ण रूप से समय सीमा में पूर्ण किया जाना आवश्यक है।

Chhattisgarh Census 2027: 16 मई को ही पूरा कर लिया काम

इस बात को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉक्टर संतोष कुमार देवांगन द्वारा जिले में पदस्थापना पश्चात ही इसे मिशन के रूप में लेते हुए निर्धारित समय सीमा के पहले ही 16 मई की स्थिति में इस कार्य को पूर्ण करा लिया गया। इस उपलब्धि के साथ ही जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही प्रदेश में इस कार्य को सबसे पहले पूर्ण करने वाला जिला बन गया है।

कलेक्टर ने किया था प्रोत्साहित

उल्लेखनीय है की 8 मई 2026 को कलेक्टर डॉक्टर देवांगन के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर जिले की प्रगति मात्र 6 प्रतिशत थी। इस कार्य में 513 प्रगणकों तथा 85 पर्यवेक्षकों को नियोजित किया गया था। कलेक्टर ने कहा कि यह सफलता ऐसे ही प्राप्त नहीं की गई बल्कि इसके पीछे निरंतर पर्यवेक्षण, समीक्षा तथा मातहत अमलों का कठिन परिश्रम शामिल है। जिले में 11 मई की स्थिति में 528 के विरुद्ध 252 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का कार्य पूर्ण कर लिया गया था। कलेक्टर ने संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए इस कार्य को प्रदेश में सबसे पहले पूर्ण करने हेतु प्रोत्साहित किया गया था।

इनके हाथों है जनगणना का कार्य

प्रदेश में जनगणना का कार्य समय पूर्व शत प्रतिशत पूरा करने के लिए कलेक्टर द्वारा जिला जनगणना अधिकारी अमित बेक, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी पेंड्रारोड विक्रांत अंचल, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी मरवाही देवेंद्र सिरमौर, चार्ज जनगणना अधिकारी पेंड्रारोड ग्रामीण शेषनारायण जायसवाल, मरवाही ग्रामीण प्रीति शर्मा, पेंड्रा ग्रामीण अविनाश कुजूर, सकोला ग्रामीण दशोदा अर्मो, गौरेला नगरीय नारायण साहू, पेंड्रा एवं मरवाही नगरीय अमलदीप मिंज, सर्व प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किये गये कार्य की सराहना की है।

60.73% कार्य पूर्ण

छत्तीसगढ़ में आगामी राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। राज्य के सभी जिलों और नगर निगमों में मकान सूचीकरण ब्लॉकों (HLB) के गठन और सत्यापन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाल ही में जारी आधिकारिक प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अब तक कुल 60.73% कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस महाअभियान में डिजिटल टेक्नोलॉजी के सटीक समन्वय से कुल 48,742 ब्लॉकों में से 29,602 ब्लॉकों का कार्य पूर्ण हो चुका है।

कई जिले शत-प्रतिशत के करीब

​राज्य स्तर पर जिलों के प्रदर्शन को देखा जाए तो आदिवासी बहुल गौरेला-पेंड्रा- मरवाही (GPM) जिला सूची में शीर्ष पर है, जिसने अपने सभी 528 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का कार्य 100% पूरा कर लिया है। इसके बाद जशपुर (99.87%) और मोहला- मानपुर-अंबागढ़ चौकी (99.84%) जिले भी पूर्णता के बेहद करीब हैं। इसके अलावा बेमेतरा (97.8%) और मुंगेली (96.52%) जिलों में भी काम लगभग खत्म होने की कगार पर है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button